Maharashtra SIR Draft Voter List 2026: महाराष्ट्र SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 2 करोड़ से ज्यादा नाम बाहर; मोबाइल से ऐसे करें अपना नाम और स्टेटस चेक

चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन 2.07 करोड़ मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, उन्हें 'अनकलेक्टेड एन्यूमरेशन फॉर्म (Uncollected Enumeration Form)' श्रेणी में रखा गया है. इसका मतलब यह नहीं है कि उनके नाम स्थायी रूप से वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं.

(Photo Credits File0

Maharashtra SIR Draft Voter List 2026: महाराष्ट्र में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है. इस लिस्ट में करीब 2.07 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं, जिसके बाद लोगों के बीच अपने वोटर नाम को लेकर चिंता बढ़ गई है. हालांकि, महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने साफ किया है कि यह अंतिम सूची नहीं है और जिन मतदाताओं के नाम फिलहाल ड्राफ्ट में नहीं हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. यह भी पढ़ें: Maharashtra Voter List Revision: मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में SIR के बाद 31 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, ऐसे चेक करें अपना नाम

चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन 2.07 करोड़ मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, उन्हें 'अनकलेक्टेड एन्यूमरेशन फॉर्म (Uncollected Enumeration Form)' श्रेणी में रखा गया है. इसका मतलब यह नहीं है कि उनके नाम स्थायी रूप से वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं. आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नाम जरूर जांचें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें.

क्या कहते हैं आंकड़े?

महाराष्ट्र में कुल 9.78 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं. SIR प्रक्रिया के बाद इनमें से 7.71 करोड़ (78.86%) मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किए गए हैं, जबकि 2.07 करोड़ (21.15%) मतदाताओं के नाम फिलहाल सूची से बाहर रखे गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने कहा कि यह तत्काल नाम हटाने की कार्रवाई नहीं है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनका नाम सूची में नहीं है तो वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें और यदि किसी प्रकार की जानकारी गलत है तो उसमें सुधार का अनुरोध करें.

2.07 करोड़ नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर क्यों हैं?

चुनाव आयोग के अनुसार:

76.80 लाख मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं.

75.52 लाख मतदाता सत्यापन के दौरान घर पर नहीं मिले.

34.81 लाख मतदाताओं का निधन हो चुका है.

17.63 लाख नाम डुप्लीकेट पाए गए या किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र में भी दर्ज हैं.

2.23 लाख नाम अन्य कारणों से इस श्रेणी में रखे गए हैं.

शहरी इलाकों में क्यों हुई ज्यादा दिक्कत?

चुनाव आयोग का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग नौकरी या काम के कारण दिनभर घर से बाहर रहते हैं. बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के सत्यापन के दौरान कई लोग घर पर नहीं मिल पाए, जिसके कारण कई वास्तविक मतदाताओं के नाम भी अस्थायी रूप से 'अनकलेक्टेड' श्रेणी में चले गए.

इन तरीकों से फोन पर करें चेक, समझें सभी स्टेप्स

EPIC नंबर से ऐसे चेक करें अपना नाम

अगर आपके पास वोटर आईडी (EPIC) नंबर है, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाएं.

Search in Electoral Roll विकल्प पर क्लिक करें.

अपनी भाषा चुनें.

10 अंकों का EPIC नंबर दर्ज करें.

राज्य में Maharashtra चुनें.

कैप्चा भरकर Search पर क्लिक करें.

यदि आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में होगा, तो आपकी विधानसभा, पोलिंग स्टेशन और भाग संख्या स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.

मोबाइल नंबर और OTP से ऐसे करें चेक

अगर आपके पास EPIC नंबर नहीं है, तो मोबाइल नंबर से भी अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं.

Search by Mobile विकल्प चुनें.

राज्य और भाषा का चयन करें.

चुनाव आयोग में पंजीकृत 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करें.

Send OTP पर क्लिक करें.

प्राप्त OTP और कैप्चा दर्ज करें.

इसके बाद उस मोबाइल नंबर से जुड़े सभी पंजीकृत मतदाताओं की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.

नाम और व्यक्तिगत जानकारी से ऐसे खोजें स्टेटस

यदि आपके पास EPIC नंबर या पंजीकृत मोबाइल नंबर नहीं है, तो Search by Details विकल्प का इस्तेमाल करें.

अपना नाम, उपनाम, पिता या पति का नाम दर्ज करें.

जन्मतिथि या आयु और जेंडर भरें.

राज्य, जिला और विधानसभा क्षेत्र चुनें.

कैप्चा भरकर Search पर क्लिक करें.

इसके बाद मिलते-जुलते नामों की सूची दिखाई देगी, जहां से आप अपना नाम और पता मिलाकर सही रिकॉर्ड की पुष्टि कर सकते हैं.

पोलिंग बूथ की PDF लिस्ट ऐसे डाउनलोड करें

मतदाता अपने पोलिंग बूथ की पूरी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट PDF में भी डाउनलोड कर सकते हैं.

voters.eci.gov.in पर जाएं.

Download Electoral Roll सेक्शन खोलें.

राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र और पोलिंग स्टेशन चुनें.

कैप्चा भरकर PDF डाउनलोड करें.

डाउनलोड की गई सूची में मकान नंबर और मतदाताओं के नाम क्रमवार उपलब्ध होंगे.

अगर नाम नहीं मिले तो क्या करें?

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ ड्राफ्ट वोटर लिस्ट है, अंतिम सूची नहीं. अंतिम सूची जारी होने से पहले दावा और आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अवसर मिलेगा. यदि आपका नाम सूची में नहीं है, तो समय रहते फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें और अपनी जानकारी की जांच अवश्य कर लें.

Share Now