महाराष्ट्र के मालेगांव में प्रसाद के साथ बैल ने निगला 3 तोले का सोने का मंगलसूत्र, सर्जरी कर पेट से निकाला गया; VIDEO

महाराष्ट्र के मालेगांव में बैल पोला त्योहार के दौरान एक बैल ने प्रसाद के साथ सोने का मंगलसूत्र निगल लिया. चालीसगांव में पशु चिकित्सकों ने एक्स-रे की मदद से सफल सर्जरी कर बैल के पेट से मंगलसूत्र और अन्य प्लास्टिक की चीजें सुरक्षित बाहर निकाल लीं.

खबर हटके:  महाराष्ट्र के मालेगांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां वनपत गांव में एक बैल ने प्रसाद खाते समय करीब तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र निगल लिया. बाद में पशु चिकित्सकों ने एक सफल सर्जरी के जरिए बैल के पेट से यह कीमती आभूषण सुरक्षित बाहर निकाल लिया.  यह भी पढ़े:    न्यूजीलैंड की नर्स ने भारत में 20,000 डॉलर में कराई रोबोटिक हिप सर्जरी; जमकर की भारतीय अस्पताल की तारीफ

त्योहार के दिन घटी घटना

यह घटना बैल पोला त्योहार के दिन की है. किसान शिवाजी बोरसे पारंपरिक तरीके से अपने बैलों की पूजा कर रहे थे. पूजा के बाद जब वह बैलों को प्रसाद (नैवेद्य) खिला रहे थे, तो गलती से एक बैल ने थाली में प्रसाद के साथ रखा हुआ सोने का मंगलसूत्र भी निगल लिया.

 प्रसाद के साथ बैल ने निगला 3 तोले का सोने का मंगलसूत्र

एक्स-रे से सुलझी उलझन

बोरसे के पास दो बैल थे, इसलिए शुरुआत में यह पहचानना मुश्किल था कि किस बैल ने चेन निगली है. अपनी इस परेशानी को लेकर किसान दोनों बैलों को चालीसगांव के पशु चिकित्सा अस्पताल (वेटनरी जनरल हॉस्पिटल) ले गए.

वहां डॉक्टरों ने आधुनिक एक्स-रे तकनीक का इस्तेमाल किया. जांच से यह साफ हो गया कि मंगलसूत्र किस बैल के पेट में है और पाचन तंत्र में उसकी सही जगह क्या है.

डॉक्टरों ने की सफल सर्जरी

सटीक लोकेशन का पता चलने के बाद, डॉक्टरों की एक टीम ने सावधानीपूर्वक बैल की सर्जरी की योजना बनाई. सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई और बैल के पेट से तीन तोले की सोने की चेन सुरक्षित रूप से बाहर निकाल ली गई.

पेट से निकला प्लास्टिक और तार

सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को बैल के पेट में मंगलसूत्र के अलावा भी कई चीजें मिलीं. पेट से दो टेनिस बॉल के आकार की प्लास्टिक की गेंदें, एक नायलॉन का तार और कुछ सिक्के भी निकाले गए.

फिलहाल सर्जरी के बाद बैल की हालत स्थिर और सामान्य है. सही समय पर इलाज मिलने से न केवल किसान को अपना कीमती आभूषण वापस मिल गया, बल्कि बैल की जान भी सुरक्षित बच गई.

Share Now