देश

मध्यप्रदेश विधानसभा 2018: कांग्रेस के घोषणापत्र पर बोली उमा भारती, जब तक हम जिंदा हैं, RSS पर बैन नहीं लगाया जा सकता

उमा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ऐसा नेता करार दिया, जिसमें गंभीरता का घोर अभाव है. उन्होंने कहा, "राहुल हर जगह केवल फोटो खिंचवाने और पिकनिक मनाने जाते हैं। कांग्रेस के लोगों को अच्छा कार्यकर्ता बनने के लिये भाजपा से प्रशिक्षण लेना चाहिये

मध्यप्रदेश विधानसभा 2018: कांग्रेस के घोषणापत्र पर बोली उमा भारती, जब तक हम जिंदा हैं, RSS पर बैन नहीं लगाया जा सकता
केंद्रीय मंत्री उमा भारती (Photo credit: PTI)

इंदौर: मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में सरकारी कर्मचारियों के जाने पर रोक लगाने के कांग्रेस के चुनावी वादे को लेकर सूबे की चुनावी सियासत में उबाल के बीच केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने मंगलवार रात संघ के प्रति समर्थन जताया. उन्होंने कहा कि संघ पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि यह संगठन एक विचारधारा के रूप में उन जैसे कई लोगों के मन में बसा है.

उमा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "संघ एक राष्ट्रवादी विचारधारा है जो हम सबके अंदर बसी है. यही वजह है कि संघ या इसके किसी कार्यकर्ता का कभी औपचारिक पंजीयन नहीं कराया जाता. केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जब तक हम लोग मर नहीं जाते, तब तक संघ पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता. हम जब तक ज़िंदा रहेंगे, संघ हमारे भीतर बना रहेगा.

यह भी पढ़ें:- सुपरस्टार रजनीकांत का बड़ा बयान-PM मोदी 10 लोगों की तुलना में ज्यादा है मजबूत

उमा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ऐसा नेता करार दिया, जिसमें गंभीरता का घोर अभाव है.

उन्होंने कहा, "राहुल हर जगह केवल फोटो खिंचवाने और पिकनिक मनाने जाते हैं। कांग्रेस के लोगों को अच्छा कार्यकर्ता बनने के लिये भाजपा से प्रशिक्षण लेना चाहिये. उमा ने वर्ष 2003 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की तत्कालीन दिग्विजय सिंह सरकार के खिलाफ भाजपा के अभियान की अगुवाई की थी.

इन चुनावों में भाजपा ने विजय हासिल की थी और पिछले 15 सालों से यह पार्टी सूबे की सत्ता में बरकरार है. वर्ष 2003 के विधानसभा चुनावों और सूबे के आसन्न विधानसभा चुनावों में अंतर पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, तब हमारा मुकाबला कांग्रेस की तत्कालीन सरकार की गलत करतूतों से था. अब हमें लोगों की आशाओं पर खरा उतरना है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 14, 2018 11:17 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).