Lucknow Viral Video: लखनऊ में मृत पिता के अंगूठे का निशान खाली कागजों पर लेते कैमरे में कैद हुआ बेटा, जमीन विवाद का वीडियो वायरल

वीडियो वायरल होने के बाद जमीन विवाद को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कथित तौर पर लिए गए अंगूठे के निशान का किसी कानूनी या संपत्ति संबंधी दस्तावेज में इस्तेमाल किया गया या नहीं. पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस पारिवारिक विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.

Lucknow Viral Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां जमीन विवाद के बीच एक व्यक्ति पर अपने मृत पिता के अंगूठे का निशान खाली कागजों पर लेने का आरोप लगा है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है. यह घटना जुलाई महीने में लखनऊ के खरौहा गांव की बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो हाल ही में सामने आया है. Rajasthan Hotel Viral Video: राजस्थान होटल वायरल वीडियो' डाउनलोड करना हो सकता है साइबर ट्रैप

मृतक की पहचान 75 वर्षीय छत्रपाल (Chhatrapal) के रूप में हुई है. आरोप है कि उनका अपने बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. परिवार के मुताबिक, महेंद्र और उसकी पत्नी ने कथित तौर पर बुजुर्ग माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार किया था, जिसके बाद छत्रपाल अपनी बेटियों के साथ रहने लगे थे.

 

कैमरे में कैद: मृत पिता का कागज़ पर अंगूठे का निशान लेते हुए पकड़ा गया व्यक्ति:

संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

परिजनों के अनुसार, साल 2023 में छत्रपाल और उनकी पत्नी को कथित तौर पर पैतृक घर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया था. इसके बाद दोनों कुछ समय रिश्तेदारों के यहां रहे और बाद में अपनी तीनों बेटियों के साथ रहने लगे. बेटियों ने उनकी देखभाल की और हर तरह से उनका साथ दिया.

बताया गया कि छत्रपाल ने अपनी करीब 6.5 बीघा जमीन में से एक-एक बीघा जमीन अपनी तीनों बेटियों के नाम कर दी थी. इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर एक अखबार में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर अपने बेटे महेंद्र और बहू को चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने का भी ऐलान किया था.

गांव ले जाने के दो दिन बाद हुई मौत

छत्रपाल की बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को उनके पिता की तबीयत बिगड़ गई थी. इसकी जानकारी महेंद्र को दी गई, जिसके बाद वह लखनऊ पहुंचा और बेहतर इलाज कराने का आश्वासन देकर पिता को गांव ले गया.

परिजनों का दावा है कि गांव ले जाने के महज दो दिन बाद, 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई. जब बेटियां अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव पहुंचीं तो वहां भी उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया.

मृत पिता के अंगूठे का निशान लेते हुए कैमरे में कैद हुआ बेटा

इसी दौरान गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने कथित तौर पर महेंद्र को अपने मृत पिता के अंगूठे का निशान खाली कागजों पर लेते हुए देखा. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सुमन के पति रमेश ने आरोप लगाया कि परिवार यह देखकर हैरान रह गया कि मृतक के अंगूठे का निशान खाली कागजों पर लिया जा रहा था. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन खाली कागजों का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था.

वीडियो वायरल होने के बाद उठे कई सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद जमीन विवाद को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कथित तौर पर लिए गए अंगूठे के निशान का किसी कानूनी या संपत्ति संबंधी दस्तावेज में इस्तेमाल किया गया या नहीं. पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस पारिवारिक विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.

Share Now