Lok Sabha Elections 2024: राहुल गांधी रायबरेली से लड़ेंगे लोकसभा का चुनाव. टिकट के ऐलान के बाद आज दाखिल करेंगे नामांकन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह इसकी आधिकारिक घोषणा की है. वहीं कांग्रेस ने अमेठी संसदीय क्षेत्र से किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है.
नई दिल्ली, 3 मई : कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह इसकी आधिकारिक घोषणा की है. वहीं कांग्रेस ने अमेठी संसदीय क्षेत्र से किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है.
कांग्रेस के मुताबिक, राहुल गांधी रायबरेली सीट से अपना नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं. नामांकन के दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. यह भी पढ़ें : Maharashtra: चुनावी मौसम में जनता बेहाल, 43 डिग्री तापमान में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे सोलापुर के लोग
अमेठी और रायबरेली उत्तर प्रदेश की इन दोनों लोकसभा सीटों पर लंबे समय से गांधी परिवार के सदस्य चुनाव लड़ते रहे हैं. राजनीतिक हलकों में इन सीटों को गांधी-नेहरू परिवार के गढ़ के रूप में भी देखा जाता है. हालांकि, इस बार कांग्रेस ने अमेठी संसदीय सीट से गैर-गांधी परिवार वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाया है.
गौरतलब है कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से चुनाव लड़े थे. लेकिन उन्हें भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था. इसके साथ ही राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े थे, जहां से जीत हासिल कर वह संसद पहुंचे. राहुल गांधी ने इस बार भी वायनाड से चुनाव लड़ा है.
साल 2019 में सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद चुनी गई थीं. इस बार स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा है. सोनिया गांधी राज्यसभा के जरिए संसद पहुंची हैं. ऐसे में सोनिया गांधी द्वारा खाली की गई सीट पर राहुल चुनाव लड़ने जा रहे हैं. वहीं अमेठी सीट से उम्मीदवार बनाए गए किशोरी लाल शर्मा को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है. खास बात यह है कि किशोरी लाल शर्मा सोनिया गांधी के रायबरेली से सांसद रहते हुए, इस सीट पर सांसद प्रतिनिधि के रूप में काम करते आए हैं.
रायबरेली और अमेठी में 20 मई को मतदान होना है. कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी की रायबरेली और शर्मा के अमेठी सीट पर नामांकन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. वहीं भाजपा ने अमेठी से एक बार फिर स्मृति ईरानी को मैदान में उतारा है. दूसरी ओर रायबरेली सीट से भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह मैदान में हैं. वह साल 2019 में भी यहां से चुनाव लड़ चुके हैं. लेकिन उन्हें सोनिया गांधी ने बड़े अतंर से हराया था.
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2024 10:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

