List of Jawans Martyred in Pulwama Attack: पुलवामा हमले में शहीद हुए CRPF के 40 शहीदों जवानों की सूची, जिन्हें श्रद्धांजलि दे रहा पूरा देश
Pulwama Attack: साल 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकी हमला हुआ, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 40 जवान शहीद हो गए. आज, 14 फरवरी 2025, पुलवामा आतंकी हमले की छठी बरसी पर पूरा देश शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है.
पुलवामा, 14 फरवरी: आज, 14 फरवरी 2025, पुलवामा आतंकी हमले की छठी बरसी पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की.
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को हुए जघन्य आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 40 जवान शहीद हो गए. यह हमला आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के सरगना मसूद अजहर द्वारा अंजाम दिया गया. आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी एसयूवी को सीआरपीएफ काफिले के वाहन से टकरा दिया, जिससे यह दुखद घटना घटी.
इस क्रूर आतंकी हमले की पूरे देश ने निंदा की और हर नागरिक ने पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी. कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक, देश ने अपने 40 वीर सपूतों को खो दिया.
पुलवामा हमले में शहीद हुए CRPF जवानों की सूची
- नसीर अहमद (जम्मू-कश्मीर)
- सुखजिंदर सिंह (पंजाब)
- जैमल सिंह (पंजाब)
- रोहिताश लांबा (राजस्थान)
- तिलक राज (हिमाचल प्रदेश)
- विजय सोरेंग (झारखंड)
- वसंथा कुमार वी.वी. (केरल)
- सुब्रमण्यम जी (तमिलनाडु)
- मनोज कुमार बेहेरा (ओडिशा)
- जी.डी. गुरु (कर्नाटक)
- नारायण लाल गुर्जर (राजस्थान)
- महेश कुमार (उत्तर प्रदेश)
- प्रदीप कुमार (उत्तर प्रदेश)
- हेमराज मीणा (राजस्थान)
- पी.के. साहू (ओडिशा)
- रमेश यादव (उत्तर प्रदेश)
- संजय राजपूत (महाराष्ट्र)
- कौशल कुमार रावत (उत्तर प्रदेश)
- प्रदीप सिंह (उत्तर प्रदेश)
- श्याम बाबू (उत्तर प्रदेश)
- अजीत कुमार आज़ाद (उत्तर प्रदेश)
- मनिंदर सिंह अत्री (पंजाब)
- बबलू संत्रा (पश्चिम बंगाल)
- अश्विनी कुमार कौची (मध्य प्रदेश)
- राठौड़ नितिन शिवाजी (महाराष्ट्र)
- भागीरथी सिंह (राजस्थान)
- वीरेंद्र सिंह (उत्तराखंड)
- अवधेश कुमार यादव (उत्तर प्रदेश)
- रतन कुमार ठाकुर (बिहार)
- पंकज कुमार त्रिपाठी (उत्तर प्रदेश)
- जीत राम (राजस्थान)
- अमित कुमार (उत्तर प्रदेश)
- विजय कुमार मौर्य (उत्तर प्रदेश)
- कुलविंदर सिंह (पंजाब)
- मानसवर बसुमतारी (असम)
- मोहन लाल (उत्तराखंड)
- संजय कुमार सिन्हा (बिहार)
- राम वकील (उत्तर प्रदेश)
- सुदीप बिस्वास (पश्चिम बंगाल)
- शिवचंद्रन (तमिलनाडु)
देशभर से श्रद्धांजलि
CRPF ने अपने ट्विटर हैंडल से शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा, "हम न भूलेंगे, न माफ करेंगे. पुलवामा हमले के शहीदों को सलाम."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "2019 में पुलवामा में हमने जिन वीर जवानों को खोया उन्हें श्रद्धांजलि. आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट समर्पण भावना को कभी नहीं भूलेंगी."
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा, "साल 2019 में आज के ही दिन पुलवामा में हुए कायराना आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए जवानों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. आतंकवाद समूची मानव जाति का सबसे बड़ा दुश्मन है और इसके खिलाफ पूरी दुनिया संगठित हो चुकी है. चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक, मोदी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कठोर अभियान चला रही है और देश की सुरक्षा के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है."
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शहीदों को नमन करते हुए कहा, "2019 में आज ही के दिन भारत ने पुलवामा में हुए भीषण आतंकवादी हमले में अपने बहादुर सीआरपीएफ जवानों को खो दिया था. देश के लिए उनके बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा. मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवारों को अटूट समर्थन प्रदान करता हूं. भारत उनकी वीरता का सम्मान करने के लिए एकजुट है और हम आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में दृढ़ हैं."
आज, पूरे देश में शहीद जवानों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोग उनकी कुर्बानी को याद कर रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.
यह हमला भारत के लिए एक बड़ी क्षति थी, लेकिन देशवासियों ने एकता और साहस का परिचय दिया. शहीदों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जाएगा. इस हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा.