एजेंसी न्यूज

Covid-19 Second Wave: दिल्ली के कुछ सरकारी, निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की नये सिरे से आपूर्ति हुई

दिल्ली के कुछ बड़े सरकारी और निजी अस्पतालों को बुधवार सुबह ऑक्सीजन की नयी खेप मिल गयी है. अधिकारियों के मुताबिक समय रहते ऑक्सीजन की आपूर्ति होने से बड़ा संकट टल गया.

Covid-19 Second Wave: दिल्ली के कुछ सरकारी, निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की नये सिरे से आपूर्ति हुई
ऑक्सीजन सिलेंडर (Photo Credits: Twitter)

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल : दिल्ली के कुछ बड़े सरकारी और निजी अस्पतालों को बुधवार सुबह ऑक्सीजन (Oxygen) की नयी खेप मिल गयी है. अधिकारियों के मुताबिक समय रहते ऑक्सीजन की आपूर्ति होने से बड़ा संकट टल गया. सूत्रों ने कहा कि गंगाराम अस्पताल (Gangaram Hospital) को निजी विक्रेताओं से तड़के तीन बजे से पहले 5,000 घन मीटर की ऑक्सीजन की आपूर्ति हुई. यह भंडार बुधवार दोपहर तक चलेगा. अन्य कंपनी से ऑक्सीजन की आपूर्ति की प्रतीक्षा की जा रही है. गुरु तेग बहादुर अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि एक कंपनी से भेजा गया ऑक्सीजन का ट्रक देर रात डेढ़ बजे उनके पास पहुंचा.

लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ सुरेश कुमार ने कहा कि एक विक्रेता से भेजा गया ऑक्सीजन का ट्रक तड़के तीन बजे अस्पताल पहुंचा. आंबेडकर अस्पताल को सुबह पांच बजे ऑक्सीजन की ताजा आपूर्ति हुई. अधिकारियों का कहना है कि यह आपूर्ति 24 घंटे तक चलेगी. यह भी पढ़ें : भारत में भयावह हुआ COVID संकट, बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 295041 नए मामले आये सामने, 2023 संक्रमितों की मौत

दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 28,395 मामले सामने आए और 277 लोगों की मौत के बाद महामारी की भयावह होती स्थिति सामने आई है. वहीं संक्रमण की दर 32.82 प्रतिशत हो गई और शहर में “ऑक्सीजन का गंभीर संकट” खड़ा हो गया है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘‘हाथ जोड़कर” मंगलवार को केंद्र से दिल्ली में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने की अपील की थी और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर बुधवार सुबह तक ऑक्सीजन की नये सिरे से आपूर्ति नहीं की गई तो शहर में हाहाकार मच जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2021 10:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).