VIDEO: बिहार के खगड़िया जंक्शन पर टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से दंपति ने बच्ची संग लगाई छलांग; RPF जवान ने बचाई जान

बिहार के खगड़िया रेलवे स्टेशन पर गलत ट्रेन में चढ़ने के बाद एक दंपति ने अपनी मासूम बच्ची के साथ चलती ट्रेन से छलांग लगा दी. मौके पर मुस्तैद RPF जवान की सतर्कता से तीनों की जान बच गई.

(Photo Credits Wikimedia commons)

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जंक्शन (Khagaria Junction)पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हुए एक दंपति ने अपनी मासूम बच्ची के साथ चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी. हालांकि, प्लेटफॉर्म पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान की तत्परता और सूझबूझ से तीनों यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई.

इस घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरपीएफ जवान को अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की ओर दौड़ते और उन्हें बचाते देखा जा सकता है.  यह भी पढ़े:  Pune Railway Station: चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में यात्री गिरा, RPF जवान ने दौड़कर बचाई जान, पुणे रेलवे स्टेशन का वीडियो आया सामने; VIDEO

RPF जवान ने बचाई जान

गलत ट्रेन में चढ़ने के कारण उठाया कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना खगड़िया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की है. उत्तर प्रदेश के निवासी सोमपाल अपनी पत्नी और बच्ची के साथ सीतापुर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे. उन्हें डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी, लेकिन अनजाने में वे जनसेवा एक्सप्रेस में सवार हो गए.

ट्रेन के खुलने के बाद जब उन्हें एहसास हुआ कि वे गलत ट्रेन में बैठ गए हैं, तो घबराहट में उन्होंने अपनी बच्ची के साथ चलती ट्रेन से कूदने का फैसला कर लिया.

RPF जवान रमेश कुमार की तत्परता आई काम

सीसीसीटीवी फुटेज के अनुसार, महिला जैसे ही बच्ची को गोद में लेकर चलती ट्रेन से नीचे कूदी, प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात RPF जवान रमेश कुमार तुरंत उनकी ओर दौड़े. उन्होंने बिना समय गंवाए महिला और बच्ची को संभाल लिया और उन्हें ट्रेन की चपेट में आने से बचा लिया.

इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यात्रियों ने सोमपाल को भी सुरक्षित संभाल लिया. इस घटना में सोमपाल को मामूली चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची पूरी तरह सुरक्षित हैं.

RPF प्रशासन ने की यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

RPF इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने जवान रमेश कुमार की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया.

आरपीएफ प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें. यदि गलती से किसी दूसरी ट्रेन में सवार हो जाएं, तो घबराकर कूदने के बजाय अगले स्टेशन पर उतरकर सुरक्षित तरीके से अपनी गंतव्य ट्रेन पकड़ें.

Share Now