देश

Ketan Agarwal Murder Case: ट्रैकर केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं मर्डर, मंगेतर Siya Goyal और उसके प्रेमी Chetan Chaudhary ने 400 फीट गहरी खाई में धकेला; पिता ने लगाए गंभीर आरोप

महाराष्ट्र के पुणे स्थित ऐतिहासिक लोहगड किले में 18 जून को हुई ट्रैकर केतन अग्रवाल की मौत के मामले में एक बेहद सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया मर्डर था. पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.

Ketan Agarwal Murder Case: ट्रैकर केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं मर्डर, मंगेतर Siya Goyal और उसके प्रेमी Chetan Chaudhary ने 400 फीट गहरी खाई में धकेला; पिता ने लगाए गंभीर आरोप
केतन अग्रवाल मर्डर केस (Photo Credits: X)

पुणे: महाराष्ट्र (Maharashtra) के लोनावला (Lonavala) के पास स्थित ऐतिहासिक लोहगड किले में 18 जून 2026 को हुई 26 वर्षीय ट्रैकर और रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले (Ketan Agarwal Murder Case) में एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है. शुरुआत में तेज हवाओं के कारण पैर फिसलने से हुआ हादसा मानी जा रही यह घटना असल में ठंडे दिमाग से किया गया मर्डर (Cold-Blooded Murder) निकली. पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने केतन को 400 फीट गहरी खाई में धकेलने की बात कबूल कर ली है. यह भी पढ़ें: Lohagad Fort Death Case: लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत का मामला, मंगेतर और उसके प्रेमी पर हत्या के प्रयास का आरोप

इस बीच, मृतक केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल का एक वीडियो बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने मंगेतर सिया गोयल के पूरे परिवार पर इस जघन्य हत्याकांड में शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया है.

ट्रैकर केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं मर्डर

मंगेतर के संशयास्पद व्यवहार से खुला राज

घटना के बाद मंगेतर सिया गोयल ने लोनावला ग्रामीण पुलिस को बताया था कि लोहगड किले की चोटी पर तस्वीरें लेते समय तेज हवाओं के कारण केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया. केतन एक अनुभवी ट्रैकर था, इसलिए उसके परिवार को इस थ्योरी पर शुरू से ही संदेह था.

पीड़ित के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया, "18 जून को मेरा 26 साल का बेटा केतन लोहगड किले से नीचे गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई. शुरुआत में हमने इसे एक आकस्मिक दुर्घटना माना, जैसा कि सिया गोयल (केतन की मंगेतर) ने हमें बताया था. हालांकि, बाद में उसके बदलते बयानों और संशयास्पद व्यवहार ने हमें यह अहसास कराया कि यह कोई साधारण हादसा नहीं था." परिवार के दबाव और शक के बाद जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और कॉल रिकॉर्ड खंगाले, तो पूरी साजिश बेनकाब हो गई.

14 जून का पहला प्रयास हुआ था नाकाम

पुलिस और परिजनों के अनुसार, सिया गोयल पुणे के ही रहने वाले चेतन चौधरी के साथ रिश्ते में थी और वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी, जिसके लिए उदयपुर में एक महल भी बुक किया जा चुका था. केतन को अपने रास्ते से हटाने के लिए सिया और चेतन ने मिलकर उसकी हत्या का प्लान बनाया.

केतन के पिता ने दोनों आरोपियों की स्वीकारोक्ति का हवाला देते हुए बताया, "गिरफ्तारी के बाद सिया और उसके साथी दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है और माना है कि उन्होंने मेरे बेटे को मारने की पूरी साजिश रची थी. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने पहले 14 जून को ही उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन वे नाकाम रहे. इसके बाद, वे इस अपराध को अंजाम देने के लिए 18 जून को उसे दोबारा फुसलाकर किले पर ले गए और वहां से नीचे धकेल दिया."

मंगेतर के पूरे परिवार पर संलिप्तता का आरोप

वीडियो संदेश में केतन के पिता ने इस हत्याकांड में सिया गोयल के माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, "मेरा दृढ़ विश्वास है कि सिया गोयल के माता-पिता, उसका भाई और उसकी बुआ भी इस पूरी साजिश में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि उन्हें शुरू से ही सब कुछ पता था. मैं उम्मीद करता हूं कि इस घिनौने अपराध में शामिल हर एक व्यक्ति को कानून के कटघरे में लाया जाए और सख्त से सख्त सजा दी जाए."

पुणे ग्रामीण पुलिस के अधीक्षक (SP) संदीप सिंह गिल ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब इस कोण से भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में लड़की के परिवार का कोई अन्य सदस्य या कोई और बाहरी व्यक्ति शामिल था.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2026 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).