Ketan Agarwal Murder Case: 33 डिग्री गर्मी में हूडी पहनकर पहुंचा था प्रेमी, CCTV की एक छोटी सी डिटेल ने खोला करोड़पति कारोबारी के बेटे की हत्या का राज

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 14 जून को लोहागढ़ किले पर सिया ने कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी. हालांकि केतन झाड़ी पकड़कर खुद को बचाने में सफल रहा. पुलिस का दावा है कि उस समय सिया ने सांप देखने का बहाना बनाकर पूरी घटना को दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की थी.

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के लोहागढ़ किले पर हुई 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत की गुत्थी आखिरकार एक छोटी सी सीसीटीवी डिटेल से सुलझ गई. शुरुआत में इस घटना को ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली. पुणे ग्रामीण पुलिस ने खुलासा किया है कि 33 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में एक युवक का हूडी पहनकर ट्रेकिंग करना जांच का सबसे अहम सुराग साबित हुआ. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है. यह भी पढ़ें: Ketan Agarwal Murder Case: 33 डिग्री गर्मी में पहनी गई हूडी ने खोला कत्ल का राज, ऐसे सुलझी कारोबारी के बेटे की हत्या की गुत्थी

18 जून को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान केतन अग्रवाल की खाई में गिरने से मौत हो गई थी. उस समय उनकी मंगेतर सिया गोयल ने इसे हादसा बताया था. हालांकि जांच के दौरान पुलिस को किले के टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी.

33 डिग्री तापमान में हूडी पहनना बना सबसे बड़ा सुराग

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में केतन और सिया साथ चलते नजर आए. वहीं कुछ दूरी पर एक युवक उनका पीछा कर रहा था. युवक ने शॉर्ट्स के साथ हूडी पहन रखी थी और हूडी को इतना नीचे खींच रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था. उसने हेडसेट भी पहन रखा था.

एक अन्य फुटेज में सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हूडी पहना युवक नीचे बैठ जाता है, मानो खुद को छिपाने की कोशिश कर रहा हो. जब पुलिस ने मौसम का रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि उस दिन तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था. ऐसे में किसी व्यक्ति का भारी हूडी पहनकर ट्रेकिंग करना बेहद असामान्य लगा और यहीं से पुलिस को शक हुआ.

सोशल मीडिया से हुई आरोपी की पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे युवक की शारीरिक बनावट और हाव-भाव की तुलना सोशल मीडिया प्रोफाइल्स से की. इसके बाद युवक की पहचान 22 वर्षीय चेतन चौधरी के रूप में हुई. तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग ने भी सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच संबंधों की पुष्टि कर दी.

शादी से पहले कई बार रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि सिया गोयल कई बार केतन को लोहागढ़ किले पर ले जाने की कोशिश कर चुकी थी. वह 31 मई को केतन के साथ वहां गई थी. इसके बाद 4 जून को भी ट्रिप की योजना बनाई गई थी, लेकिन केतन की मां के हस्तक्षेप के कारण वह रद्द हो गई.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन को रास्ते से हटाने की थी. हालांकि केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो जाने के कारण वह यात्रा रद्द हो गई.

पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 14 जून को लोहागढ़ किले पर सिया ने कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी. हालांकि केतन झाड़ी पकड़कर खुद को बचाने में सफल रहा. पुलिस का दावा है कि उस समय सिया ने सांप देखने का बहाना बनाकर पूरी घटना को दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की थी.

हजारों कॉल्स ने खोली साजिश की परतें

कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल डेटा की जांच में पुलिस को सिया और चेतन के बीच हजारों कॉल्स का रिकॉर्ड मिला. कई बातचीत घंटों तक चली थीं. जांच अधिकारियों का मानना है कि यही कॉल रिकॉर्ड दोनों के बीच हत्या की साजिश का सबसे बड़ा तकनीकी सबूत बने.

पुलिस पूछताछ में चेतन चौधरी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया है. पूछताछ में उसने बताया कि सिया अपने परिवार की बदनामी नहीं चाहती थी, इसलिए वह सगाई तोड़कर उसके साथ भागने के पक्ष में नहीं थी.

कौन थे केतन अग्रवाल?

केतन अग्रवाल पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे. उन्होंने उद्यमिता (Entrepreneurship) में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की थी और अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में डायरेक्टर एवं चीफ मार्केटिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे. फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया है. दोनों पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है.

Share Now