देश

Kerala: केरल के राज्यपाल ने सीएम विजयन पर लगाया 'उन्हें शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने' का आरोप

केरल में पहले कभी ऐसा नहीं देखा गया था, जैसा सोमवार रात देखा गया. गुस्साए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपना आपा खो दिया और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर हमला बोला, जब प्रदर्शनकारी एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एक आधिकारिक समारोह में भाग लेने के बाद लौटते समय उनके काफिले को रोक दिया.

Kerala: केरल के राज्यपाल ने सीएम विजयन पर लगाया 'उन्हें शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने' का आरोप
Pinarayi Vijayan Photo Credits: Twitter

तिरुवनंतपुरम, 12 दिसंबर : केरल में पहले कभी ऐसा नहीं देखा गया था, जैसा सोमवार रात देखा गया. गुस्साए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपना आपा खो दिया और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन (Pinarayi Vijayan) पर हमला बोला, जब प्रदर्शनकारी एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एक आधिकारिक समारोह में भाग लेने के बाद लौटते समय उनके काफिले को रोक दिया. राज्यपाल ने कहा, "मुख्यमंत्री मुझे शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए यह साजिश रच रहे हैं, जैसा कि उन्होंने कन्नूर में किया था. एसएफआई कार्यकर्ता सीएम के निर्देश पर मुझे शारीरिक रूप से चोट पहुंचाने के लिए आए थे."

खान ने कहा, "जब मुख्यमंत्री इस साजिश का हिस्सा हैं, तो यह पुलिस क्या कर सकती है." उन्होंने कहा कि वह अपराधियों को सड़क पर शासन करने की अनुमति नहीं देंगे. खान को अपना वाहन रोकते और प्रदर्शनकारियों को चुनौती देने के लिए कार से बाहर निकलते देख सुरक्षा अधिकारी हैरान रह गए. इसके बाद उन्होंने अपना आपा खोते हुए पुलिस अधिकारियों से पूछा, "क्या मुझे यही सुरक्षा कवर दिया गया है?" एक पुलिस अधिकारी को खान को शांत करने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी, जबकि अन्य ने एसएफआई कार्यकर्ताओं का पीछा किया, जो राज्यपाल के वाहन तक आने में कामयाब रहे और उन पर हाथ उठाते देखा गया. यह भी पढ़ें : Rajasthan New CM: वसुंधरा, बालकनाथ, दीया कुमारी या कोई और… राजस्थान में आज हो सकता है मुख्यमंत्री का ऐलान

इसके बाद खान ने एक बार फिर विजयन पर अपना गुस्सा जाहिर किया और यह कहते सुने गए कि ऐसा लगता है कि सीएम ने एसएफआई कार्यकर्ताओं को उनके साथ मारपीट करने की खुली छूट दे दी है. उन्होंने पूछा, "क्या किसी को भी सीएम के वाहन के पास पहुंचने की अनुमति दी जाएगी?" प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के.सुधाकरन ने इसे राज्य के इतिहास का काला दिन बताया, जबकि उनके भाजपा समकक्ष के.सुरेंद्रन ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा वाहनों की गति कम कर दी, ताकि प्रदर्शनकारी आकर राज्यपाल के वाहन को टक्कर मार सकें. उन्होंने कहा, "राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है और हम ऐसी गुंडागर्दी पर मूकदर्शक नहीं बने रहेंगे."

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2023 09:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).