देश

सबूत सामने लाएं... केदारनाथ में सोना चोरी के दावे पर मंदिर समिति के अध्यक्ष ने शंकराचार्य पर किया पलटवार

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के उन आरोपों को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि केदारनाथ मंदिर से 228 किलोग्राम सोना चोरी हो गया.

सबूत सामने लाएं... केदारनाथ में सोना चोरी के दावे पर मंदिर समिति के अध्यक्ष ने शंकराचार्य पर किया पलटवार
Swami Avimukteshwarananda Saraswati

देहरादून: श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के उन आरोपों को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि केदारनाथ मंदिर से 228 किलोग्राम सोना चोरी हो गया. अजेंद्र अजय ने कहा कि केदारनाथ मंदिर पर आध्यात्मिक नेता का बयान बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का सम्मान करता हूं, लेकिन वह दिन भर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते रहते हैं... विवाद खड़ा करना, सनसनी फैलाना और खबरों में बने रहना स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की आदत है." दिल्ली में केदारनाथ मंदिर के निर्माण पर भड़के ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य, बोले- ये गलत है.

अजेंद्र के अनुसार, केदारनाथ पर पुजारी की टिप्पणी कांग्रेस के एजेंडे का हिस्सा थी और उन्होंने स्वामी से केदारनाथ मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाना बंद करने का आग्रह किया.

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने नई दिल्ली में नए मंदिर के मुद्दे पर बोलते हुए दावा किया था कि मौजूदा केदारनाथ मंदिर में 'सोने का घोटाला' हुआ है, जिसकी जांच नहीं हुई है. उन्होंने कहा, "वहां घोटाला करने के बाद अब दिल्ली में केदारनाथ बनेगा? और फिर एक और घोटाला होगा. केदारनाथ से 228 किलो सोना गायब है... कोई जांच शुरू नहीं हुई है. इसके लिए कौन जिम्मेदार है?"

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा कि ये दावे निराधार हैं और अगर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के पास कोई सबूत है, तो उन्हें विवाद पैदा करने के बजाय कानूनी रास्ते से जाना चाहिए. उन्होंने कहा, "मैं उनसे आग्रह करता हूं और साथ ही उन्हें चुनौती भी देता हूं कि वे तथ्य और सबूत सामने लाएं. उन्हें अधिकारियों के पास जाना चाहिए, सबूत पेश करने चाहिए और जांच की मांग करनी चाहिए. अगर उन्हें किसी सक्षम अधिकारी पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना चाहिए, जनहित याचिका दायर करनी चाहिए और अगर उनके पास वास्तव में सबूत हैं, तो जांच की मांग करनी चाहिए."

बदल जाएगा दिल्ली में बन रहे केदारनाथ मंदिर का नाम

दिल्ली में केदारनाथ मंदिर पर उत्तराखंड में गरमाई सियासत के बाद अब बुराड़ी मंदिर ट्रस्ट ने ट्रस्ट और मंदिर दोनों का नाम बदलने का निर्णय लिया है. ट्रस्ट के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र रौतेला ने कहा कि कुछ लोग धाम शब्द को लेकर नाराजगी जाता रहे हैं जिसे देखते हुए दोनों के नाम से धाम शब्द हटा दिया जाएगा. ट्रस्ट की ओर से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

सुरेंद्र रौतेला ने कहा कि दिल्ली में केदारनाथ धाम नहीं बल्कि केदारनाथ मंदिर का निर्माण किया जा रहा है. उसके बाद भी कुछ लोग इस मुद्दे को तूल देने में लगे हुए हैं. उत्तराखंड में स्थित बाबा केदारनाथ करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और हमेशा रहेंगे. इसलिए लोगों की आस्था से खिलवाड़ करना हमारा उद्देश्य नहीं है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2024 04:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).