Karnataka H1N1 Cases: कर्नाटक में H1N1 इन्फ्लुएंजा के 4,200 से अधिक मामले, स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
कर्नाटक में H1N1 इन्फ्लूएंजा (सीजनल फ्लू) के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच (IHIP) के आंकड़ों के अनुसार, 22 अगस्त 2026 तक 32 जिलों में कुल 4,212 प्रयोगशाला-पुष्ट इन्फ्लूएंजा मामले सामने आए हैं
Karnataka H1N1 Cases: कर्नाटक में H1N1 इन्फ्लूएंजा (सीजनल फ्लू) के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच (IHIP) के आंकड़ों के अनुसार, 22 अगस्त 2026 तक 32 जिलों में कुल 4,212 प्रयोगशाला-पुष्ट इन्फ्लूएंजा मामले सामने आए हैं. इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री यू टी खादर ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद नागरिकों को आश्वस्त किया है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, हालांकि सभी को बुनियादी सावधानियां बरतनी चाहिए.
बेंगलुरु में सबसे अधिक मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दर्ज किए गए मामलों में से अधिकांश मामले ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण और बेंगलुरु शहरी क्षेत्रों से हैं. ग्रेटर बेंगलुरु क्षेत्र में 2,070 मामले, बेंगलुरु शहरी में 1,011 और उडुपी में 300 मामले दर्ज किए गए हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में केवल 300 से 400 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से अधिकतर मरीज घरों में ही इलाज के बाद ठीक हो रहे हैं. घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के कारण बेंगलुरु में संक्रमण दर अधिक देखी गई है.
मानसूनी सीजन का सामान्य रुझान
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामलों में यह वृद्धि किसी असामान्य प्रकोप का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह कर्नाटक के नियमित मौसमी चक्र (मानसून चक्र) के अनुसार है. राज्य में इन्फ्लूएंजा के दो मुख्य मौसमी पीक (जनवरी से मार्च और जुलाई से सितंबर) देखने को मिलते हैं. वर्ष 2025 में कुल 4,583 और 2024 में 3,903 मामले दर्ज किए गए थे, जिसकी तुलना में इस वर्ष की संख्या मौसमी पैटर्न के अनुरूप ही है.
स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां और सरकारी निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने जिला और राज्य स्तर के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की. सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) में N95 मास्क, पीपीई किट और एंटीवायरल दवा 'ओसेल्टामिविर' (Oseltamivir) का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है. निजी अस्पतालों को भी स्क्रीनिंग और IHIP पोर्टल पर अनिवार्य रिपोर्टिंग के निर्देश दिए गए हैं. इसके अतिरिक्त, होटलों और रेस्तरां को ग्राहकों को उबला हुआ या गर्म पानी परोसने के निर्देश जारी किए गए हैं.
नागरिकों के लिए स्वास्थ्य संबंधी सलाह
स्वास्थ्य विभाग और मंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे फ्लू जैसे लक्षण (बुखार, जुकाम, खांसी) महसूस होने पर सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें या मास्क का उपयोग करें. लक्षण दिखने पर 1-2 दिन घर पर आइसोलेट रहने, बार-बार हाथ धोने, पर्याप्त मात्रा में उबला हुआ पानी पीने और डॉक्टरों की सलाह से ही दवाएं लेने की सलाह दी गई है. मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में H1N1 से किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और स्कूल-कॉलेजों के लिए भी जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे.