कर्नाटक: धारवाड़ में इमारत गिरने के हादसे से एक और व्यक्ति की हुई मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई तीन
कर्नाटक (Karnataka) के धारवाड़ में इमारत गिरने के हादसे में एक और व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या तीन हो गई है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी....
बेंगलुरू: कर्नाटक (Karnataka) के धारवाड़ में इमारत गिरने के हादसे में एक और व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या तीन हो गई है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. इसमें 10 अन्य लोगों के अभी भी कई टन सीमेंट व गारे में फंसे होने की आशंका है. मंगलवार को बहुमंजिला वाणिज्यिक निर्माणाधीन इमारत के गिरने से कम से कम 46 अन्य घायल हो गए. प्रदेश कांग्रेस ईकाई के नेता विनय कुलकर्णी का संबंधी इस इमारत के मालिकों में से एक है.
पुलिस निरीक्षक एल.के. तलवार ने धारवाड़ से आईएएनएस को बताया, "मंगलवार शाम लगभग चार बजे इमारत के गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है. कुल 46 लोगों को अब तक बचाया गया है, उन्हें चोटें आई है." बचाए गए लोगों में कम से कम 15 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका जिले के अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
यह भी पढ़ें : कर्नाटक: धारवाड़ में निर्माणाधीन इमारत गिरने से 2 की मौत, 50 लोगों के फंसे होने की आशंका
मंगलवार शाम शुरू हुआ बचाव अभियान रात भर चला. मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी ने कहा कि बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (National Disaster Response Force) के 25 सदस्यों की एक टीम को लखनऊ से विशेष उड़ान से लाया गया है. अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि कुल पांच दमकल की गाड़ियां व 20 एंबुलेंस को बचाव कार्य के लिए तैनात किया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2019 10:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

