Karnataka AI Blackmail Case: एआई से बनाई अश्लील वीडियो बनाकर महिला को किया ब्लैकमेल, पैसे मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि AI तकनीक का गलत इस्तेमाल लोगों की निजता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते समय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और किसी भी तरह की साइबर ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए.
Karnataka AI Blackmail Case: कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से महिला की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि दोनों ने महिला की तस्वीर का इस्तेमाल कर AI तकनीक से फर्जी अश्लील वीडियो तैयार की और फिर उसके परिवार से पैसे की मांग की. पैसे नहीं देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई थी. Karnataka Horror: कर्नाटक के दावणगेरे में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक बलात्कार, वीडियो वायरल करने के आरोप में 10 गिरफ्तार
यह मामला चिक्कमगलुरु जिले के तारिकेरे तालुक के बाविकेरे गांव का है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक AI वीडियो एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर महिला की तस्वीर से आपत्तिजनक वीडियो तैयार की. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर वह वीडियो महिला की मां को भेजी और बदले में पैसों की मांग की.
आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक कर दिया जाएगा. इस धमकी से परिवार में डर और तनाव का माहौल पैदा हो गया था.
महिला के पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद लक्कावल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय और साहुल के रूप में हुई है. दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बेंगलुरु में काम करते थे. शुरुआती जांच के अनुसार उन्होंने जल्दी पैसे कमाने के उद्देश्य से इस ब्लैकमेलिंग की साजिश रची थी. पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी साहुल पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल रह चुका है.
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तरह की किसी अन्य घटना में भी इनका हाथ तो नहीं है.
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि AI तकनीक का गलत इस्तेमाल लोगों की निजता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते समय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और किसी भी तरह की साइबर ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2026 07:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

