देश

कल का मौसम, 8 मई 2025: उत्तर भारत में आंधी-बारिश का दौर, जानें दिल्ली सहित अन्य राज्यों में कैसा रहेगा वेदर

मई की शुरूआत से ही दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में मौसम नरम बना हुआ है. बीते दिनों बेमौसम हुई बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली. राजधानी दिल्ली और NCR में मौसम का मिजाज अभी भी वैसा ही बना हुआ है.

कल का मौसम, 8 मई 2025: उत्तर भारत में आंधी-बारिश का दौर, जानें दिल्ली सहित अन्य राज्यों में कैसा रहेगा वेदर
Representational Image | PTI

Kal Ka Mausam, 8 May 2025: मई की शुरूआत से ही दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में मौसम नरम बना हुआ है. बीते दिनों बेमौसम हुई बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली. राजधानी दिल्ली और NCR में मौसम का मिजाज अभी भी वैसा ही बना हुआ है. बुधवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ हल्की बारिश शुरू हुई. दिल्ली के साथ-साथ गाजियाबाद और नोएडा में भी झमाझम बारिश हुई है. अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा. देश के कई राज्यों में अगले 24 से 72 घंटे तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा. कहीं बारिश से राहत मिलेगी तो कहीं तेज हवाएं और ओले परेशानी बढ़ा सकते हैं. आइये जानते हैं कल यानी 8 मई को देशभर में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी से परेशान लोगों को मौसम ने थोड़ी राहत दी है. 8 मई को हल्की बारिश, तेज हवाएं और बिजली की गड़गड़ाहट देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री और न्यूनतम 23-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. आने वाले दो दिनों तक हल्के बादल छाए रहने और मौसम सुहाना बने रहने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश: गरज-चमक के साथ बारिश

यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 8 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है. दिन में तेज धूप जरूर रहेगी लेकिन शाम तक बादल घिरने और बौछारें पड़ने से मौसम ठंडा हो सकता है. 9-10 मई को भी पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है.

राजस्थान: आंधी के साथ बारिश का कहर, गर्मी से राहत

राजस्थान में अगले तीन से चार दिनों तक कई हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. हवाएं 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी, खासकर कोटा और उदयपुर संभाग में. 12-13 मई के बाद तापमान में इजाफा हो सकता है लेकिन फिलहाल, गर्मी कुछ समय के लिए थमी रहेगी.

उत्तराखंड: ओलावृष्टि और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

पहाड़ों का मौसम फिर से तेवर दिखा रहा है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 8 मई को भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना है. देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ में भी तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

मध्य प्रदेश: कई जिलों में तेज आंधी, कहीं-कहीं ओले

एमपी के इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ और भोपाल समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश का असर देखा जा रहा है. कुछ क्षेत्रों में 60-70 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला जैसे क्षेत्रों में ओलावृष्टि का खतरा है. अगले 24 घंटों में तेज़ मौसमी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.

महाराष्ट्र: मुंबई-पालघर में तेज बारिश

महाराष्ट्र में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली. मुंबई, ठाणे और पालघर में जोरदार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है. लोकल ट्रेन सेवाएं 10 मिनट तक लेट हो गईं. पालघर में मछुआरों को भारी नुकसान हुआ है – लगभग 45 बोटें आंधी की चपेट में आ गईं.

मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. अगले 4-5 दिन राज्य में तेज मौसम का असर बना रह सकता है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2025 09:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).