Kal Ka Mausam, 10 June 2025: दिल्ली-NCR में 45 तक पहुंचेगा पारा, पूरे उत्तर भारत में गर्मी करेगी बेहाल; पढ़ें कल के मौसम का हाल
उत्तर भारत में एक बार फिर से गर्मी का सितम तेज हो गया है. मानसून की सुस्त चाल और प्री-मानसून बारिश की देरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में गर्म हवाओं के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है.
Kal Ka Mausam, 10 June 2025: उत्तर भारत में एक बार फिर से गर्मी का सितम तेज हो गया है. मानसून की सुस्त चाल और प्री-मानसून बारिश की देरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में गर्म हवाओं के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. बात करें कल के मौसम यानी 10 जून की तो उत्तर भारत के अशिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा. इस बीच मानसून के 12 जून तक आने की संभावना जताई जा रही है.
Delhi Weather: दिल्ली-NCR में अगले तीन दिन गर्मी का टॉर्चर, 45 डिग्री तक जा सकता है तापमान.
उत्तर भारत में 12 जून से बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं चलेंगी और बारिश की दस्तक होगी. मानसूनी बारिश के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान पर भी इसका असर देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं 10 जून को देश के अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा मौसम.
दिल्ली-NCR में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने कहर बरपा दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 10 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. यहां लगातार हीटवेव का अलर्ट जारी किया जा रहा है. अगले तीन दिनों तक गर्मी और उमस से कोई राहत नहीं मिलेगी. दिन में तेज़ हवाएं चलेंगी लेकिन इससे तापमान में कोई बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है. IMD ने येलो अलर्ट भी जारी किया है और दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
राजस्थान में लू का रेड अलर्ट
राजस्थान में भीषण गर्मी अपने चरम पर है. श्रीगंगानगर में तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. यहां मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में रेड अलर्ट, बीकानेर और चूरू में ऑरेंज अलर्ट, जैसलमेर और कोटा में येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई हिस्सों में तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि 13 जून तक लू का असर बना रहेगा.
उत्तर प्रदेश में भी हीटवेव अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी तापमान का पारा चढ़ा हुआ है. मौसम विभाग ने 30 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. सहारनपुर, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज सहित कई जिलों में येलो अलर्ट, आगरा, झांसी, मथुरा, ललितपुर, इटावा सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश में 12 जून के बाद अंधड़ और बारिश की संभावना है जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. पूर्वी यूपी में पहले बारिश की संभावना है, जो बाद में पश्चिमी यूपी तक पहुंचेगी.
बिहार का मौसम
बिहार में अधिकतर हिस्सों में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं. हालांकि, पटना मौसम केंद्र के अनुसार, 10 जून की रात से नमी युक्त हवाएं सक्रिय होंगी. इसके कारण अगले 24-48 घंटे में कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे गर्मी में थोड़ी राहत मिल सकती है, खासकर कोसी और सीमांचल क्षेत्रों में.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12-13 जून से उत्तर भारत में मानसून की शुरुआत हो सकती है. इसके साथ ही झमाझम बारिश और तेज हवाएं लोगों को राहत देंगी. अगले हफ्ते से उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी की तीव्रता कम होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2025 09:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

