JK Cement Factory Fire Breaks: पन्ना की जेके सीमेंट फैक्ट्री में हादसा, दो मजदूरों की मौत की खबर, कई घायल
मध्य प्रदेश के पन्ना में स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां निर्माणाधीन छत का स्लैब गिरने से कई मजदूर दब गए हैं.
पन्ना, 30 जनवरी : मध्य प्रदेश के पन्ना में स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां निर्माणाधीन छत का स्लैब गिरने से कई मजदूर दब गए हैं. बताया जा रहा है कि इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है. जबकि बड़ी संख्या में मजदूर घायल हो गए हैं.
दरअसल, जेके सीमेंट फैक्ट्री पन्ना के सिमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पगरा में स्थित है. जेके सीमेंट फैक्ट्री में गुरुवार सुबह मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे. अचानक प्लांट के निर्माणाधीन हिस्से का स्लैब गिर गया जिससे इस हादसे में कई मजदूर स्लैब के नीचे दब गए. हालांकि यह हादसा कैसे हुआ इस बात की आधिकारिक तौर पर प्लांट के अधिकारियों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है. फिलहाल स्लैब गिरने को ही हादसे की वजह बताया जा रहा है. यह भी पढ़ें : उच्चतम न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया. स्लैब के नीचे फंसे मजदूरों को बचाने के लिए मौके पर काम कर रहे लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया. साथ ही घटना की जानकारी प्रशासन को भी दी गई. फिलहाल मौके पर राहत कार्य तेजी से चल रहा है और मलबे के नीचे दबे मजदूरों को निकाल कर अस्पताल भेजा जा रहा है. फिलहाल संयंत्र के अंदर जाने की किसी को भी अनुमति नहीं है.
बुंदेलखंड इलाके की बात करें तो यह इस क्षेत्र का दूसरा बड़ा सीमेंट प्लांट है. एक अन्य प्लांट दमोह जिले के नरसिंहगढ़ में स्थित है. पन्ना के इस सीमेंट प्लांट में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग काम करते है और मजदूर भी इसी इलाके के हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2025 01:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

