International Yoga Day 2025: भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं, योग को जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत तमाम दिग्गजों ने योग की महत्ता पर प्रकाश डाला.
नई दिल्ली, 21 जून : 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दी और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत तमाम दिग्गजों ने योग की महत्ता पर प्रकाश डाला. नेताओं ने योग को न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य, बल्कि सामाजिक और वैश्विक कल्याण का आधार बताया.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा, "योग: कर्मसु कौशलम्. योग न केवल शारीरिक और मानसिक संतुलन का साधन है, बल्कि यह स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की नींव भी है." उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करने और 'विकसित राजस्थान, स्वस्थ राजस्थान' के संकल्प में योगदान देने की अपील की. यह भी पढ़ें : अहमदाबाद प्लेन क्रैश: व्हाट्सएप पर वायरल हो रही है हादसे की झूठी वजह, ब्लैक बॉक्स की जांच जारी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों से योग करने की अपील की. उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा, "अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की समस्त प्रदेशवासियों एवं योग साधकों को हार्दिक शुभकामनाएं. योग मानवता को भारत की अमूल्य देन है. यह आत्मानुशासन और आत्म-साक्षात्कार के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा को संतुलन में लाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है." उन्होंने आगे कहा, "आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जशपुर के रणजीता स्टेडियम में नागरिकों, छात्रों और जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया. इस अवसर पर उपस्थित सभी सहभागीजनों को साधुवाद."
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने योग को विश्व बंधुत्व को मजबूत करने के लिए जरूरी बताया. उन्होंने लिखा, "सभी प्रदेशवासियों और योग साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं. भारत की प्राचीन परंपरा ने योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का रास्ता दिखाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देकर विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत किया है. आइए, योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर 'स्वस्थ भारत - समर्थ भारत' के निर्माण में योगदान दें." उन्होंने योग को स्वस्थ समाज की नींव बताया.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी देशवासियों को योग दिवस की बधाई दी. उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट भी किया. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “समस्त प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई. योग भारत की सनातन परम्परा का अमूल्य उपहार है, जो आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता एवं प्रचार- प्रसार के कारण सम्पूर्ण विश्व में स्वास्थ्य, संतुलन और शांति का प्रतीक बन चुका है.”
उन्होंने आगे कहा, “यह केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा की एकता का मार्ग है, जो हमें आत्म विकास और जीवन के उच्चतम लक्ष्य की ओर प्रेरित करता है. आइए, हम सब मिलकर योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, सशक्त व संतुलित समाज के निर्माण में योगदान दें.”
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2025 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

