MHADA Mumbai Lottery 2026: मुंबई में घर का सपना होगा साकार, म्हाडा 2,640 घरों के लिए 6 अगस्त को निकलेगी लॉटरी
इस लॉटरी योजना में मुंबई बोर्ड और मुंबई इमारत मरम्मत व पुनर्रचना बोर्ड द्वारा निर्मित नए फ्लैट, विकास नियंत्रण नियमावली (DCR) 33(5) व 33(7) के तहत बिल्डरों से प्राप्त इकाइयां और पुरानी योजनाओं के अविकसित/अप्रतिसादित फ्लैट शामिल हैं.
MHADA Mumbai Lottery 2026: मुंबई में अपने सपनों का घर पाने की आस लगाए हजारों नागरिकों का इंतजार खत्म होने जा रहा है. महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्रविकास प्राधिकरण (MHADA) का मुंबई गृहनिर्माण व क्षेत्रविकास बोर्ड 6 अगस्त 2026 को 2,640 आवासीय फ्लैटों के लिए कम्प्यूटरीकृत लॉटरी ड्रा (सोडत) आयोजित करने जा रहा है. वांद्रे स्थित रंगशारदा सभागृह में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भाग्यशाली आवेदकों के नामों की घोषणा की जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण म्हाडा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध रहेगा.
प्रति फ्लैट औसत 28 से अधिक आवेदन
म्हाडा की इस आवास योजना को आम जनता से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. उपलब्ध 2,640 फ्लैटों के लिए कुल 75,366 वैध आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा हो चुका है. इस आंकड़े के अनुसार, प्रत्येक फ्लैट के लिए औसतन लगभग 28.54 आवेदकों के बीच प्रतिस्पर्धा है. यह भी पढ़े: MHADA Mumbai Lottery 2026: मुंबईवासियों को म्हाडा का बड़ा तोहफा, 1,221 घरों की कीमतों में 7.5% की कटौती, आवेदन की तारीख भी बढ़ी
उल्लेखनीय है कि इस लॉटरी की घोषणा पहले जून में की जानी थी, लेकिन महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों के कारण लागू हुई आदर्श आचार संहिता के चलते इसे स्थगित करना पड़ा था. चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद म्हाडा प्रशासन ने ड्रॉ की आधिकारिक तारीख तय की है.
सभी आय वर्गों के लिए फ्लैट और प्रमुख लोकेशन
इस लॉटरी योजना में मुंबई बोर्ड और मुंबई इमारत मरम्मत व पुनर्रचना बोर्ड द्वारा निर्मित नए फ्लैट, विकास नियंत्रण नियमावली (DCR) 33(5) व 33(7) के तहत बिल्डरों से प्राप्त इकाइयां और पुरानी योजनाओं के अविकसित/अप्रतिसादित फ्लैट शामिल हैं.
यह आवास भंडार समाज के सभी आय वर्गों के लिए विभाजित किया गया है:
-
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 145 फ्लैट
-
निम्न आय वर्ग (LIG): 858 फ्लैट
-
मध्यम आय वर्ग (MIG): 798 फ्लैट
-
उच्च आय वर्ग (HIG): 839 फ्लैट
ये फ्लैट मुंबई के प्रमुख और रणनीतिक इलाकों जैसे विक्रोली (कन्नमवार नगर), गोरेगांव (पत्रा चाल व पहाड़ी गोरेगांव), बोरीवली (गोरई व मगाठाणे), चेंबूर (सुभाष नगर), बांद्रा (गांधीनगर), घाटकोपर (पंतनगर), बांद्रा, दादर, वडाला, पवई (तुंगा व कोपरी), गिरगांव और एंटॉप हिल में स्थित हैं.
विक्रोली प्रोजेक्ट में कीमतों में कटौती बनी मुख्य आकर्षण
इस साल की लॉटरी की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि म्हाडा ने विक्रोली (पूर्व) के कन्नमवार नगर स्थित योजना संख्या 538 और 539 के तहत निर्माणाधीन 1,221 फ्लैटों की कीमतों में 7.5 प्रतिशत की कटौती की थी.
इनमें से 610 फ्लैटों को विशेष रूप से एचआईजी (HIG) श्रेणी के लिए योजना 538-ए और 539-ए के तहत आरक्षित किया गया था. बाजार दरों की तुलना में कम कीमत, आधुनिक सुविधाएं, पार्किंग स्थान और प्राइम लोकेशन के कारण इस योजना में आवेदकों ने भारी रुचि दिखाई है.
आगे की प्रक्रिया और आवंटन
6 अगस्त को दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले लॉटरी ड्रा के बाद सफल आवेदकों की सूची म्हाडा की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी. सफल विजेताओं को म्हाडा द्वारा प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर भेजा जाएगा, जबकि जिन आवेदकों का नाम लॉटरी में नहीं आएगा, उनकी जमा राशि (EMD) नियमानुसार उनके बैंक खातों में वापस कर दी जाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 05, 2026 12:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

