Ladki Bahin Yojana: लाडकी बहन योजना की अगली किस्त जल्द, लेकिन लिस्ट से बाहर होने वालों लाखों महिलाओं को झटका
महाराष्ट्र सरकार की 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना' को लेकर अहम अपडेट सामने आया है. जून महीने की लंबित किस्त 12 से 15 जुलाई 2026 के बीच जारी होने की उम्मीद है, जिससे करीब 1.69 करोड़ महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा. हालांकि, ई-केवायसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी न होने और अन्य तकनीकी कमियों के कारण राज्य की लगभग 80 लाख महिलाएं फिलहाल इस लाभ से वंचित रह सकती हैं.
Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र की आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं के लिए चलाई जा रही 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना' को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी जानकारी साझा की है. योजना के तहत जून महीने की लंबित (रकी हुई) किस्त आगामी 12 से 15 जुलाई 2026 के बीच पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकती है. इस चरण में राज्य की करीब 1 करोड़ 69 लाख महिलाओं के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 1500-1500 रुपये भेजे जाने की तैयारी है.
80 लाख महिलाओं के आवेदन अटके, यह है मुख्य कारण
एक तरफ जहां करोड़ों महिलाओं के खाते में राशि पहुंचने वाली है, वहीं दूसरी तरफ राज्य की लगभग 80 लाख महिलाओं को इस बार निराशा हाथ लग सकती है. महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने विधानसभा में एक लिखित उत्तर के दौरान स्पष्ट किया कि व्यापक स्तर पर की गई पात्रता समीक्षा के बाद इन आवेदनों को फिलहाल होल्ड (रोक) पर रखा गया है.
आवेदनों के रुकने के मुख्य कारणों में लाभार्थियों द्वारा अनिवार्य ई-केवायसी (e-KYC) प्रक्रिया को पूरा न करना, बैंक खातों का आधार से लिंक न होना और फॉर्म भरते समय जरूरी दस्तावेजों में विसंगतियां पाया जाना शामिल है.
प्रधामंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) ने की सराहना
इसी बीच, केंद्र सरकार के स्तर पर भी इस योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट सामने आई है. प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) ने अपने एक शोध पत्र में महाराष्ट्र की 'माझी लाडकी बहिन योजना' की सराहना की है.
रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना के लागू होने के बाद से महाराष्ट्र में महिलाओं के बैंक खातों के औसत बैलेंस में 84 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है. इसके अलावा महिलाओं द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं पर किए जाने वाले खर्चों में भी सकारात्मक सुधार आया है. परिषद ने यह सुझाव भी दिया है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए समय-समय पर इस आर्थिक सहायता राशि की समीक्षा की जानी चाहिए.
कैसे चेक करें अपना स्टेटस और पूरी करें प्रक्रिया?
योजना का लाभ लगातार मिलता रहे, इसके लिए लाभार्थियों को अपने आवेदन की स्थिति की जांच करने की सलाह दी गई है.
-
आधिकारिक पोर्टल पर जाएं: लाभार्थी आधिकारिक वेबसाइट
ladakibahin.maharashtra.gov.inपर जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन कर सकते हैं. -
e-KYC की स्थिति देखें: डैशबोर्ड पर जाकर चेक करें कि आपकी ई-केवायसी (e-KYC) प्रक्रिया और आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) सफल है या नहीं.
-
सुधार के लिए संपर्क करें: यदि आवेदन में कोई त्रुटि दिख रही है, तो लाभार्थी नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र, ग्राम सेविका या सेतु/सीएससी (CSC) केंद्र पर जाकर इसे मुफ्त में ठीक करवा सकते हैं.