रेलवे का बड़ा तोहफा: बिहार में ग्रुप D परीक्षा के लिए दानापुर-पूर्णिया के बीच चलेंगी 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ग्रुप डी परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के बीच 2 जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. जानिए ट्रेनों का पूरा शेड्यूल, रूट और ठहराव विवरण.
रेलवे का बड़ा तोहफा: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा आयोजित की जा रही ग्रुप डी (Level-1) कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. रेलवे ने दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के मध्य दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. यह परीक्षा 3 अगस्त से 25 अगस्त 2026 के बीच विभिन्न तिथियों में आयोजित की जा रही है. ट्रेनों के परिचालन से राज्य भर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले लाखों परीक्षार्थियों को आवागमन में सुगमता होगी.
पाटलिपुत्र और मुजफ्फरपुर के रास्ते चलेंगी ट्रेनें
पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर मंडल के अनुसार, यह परीक्षा विशेष ट्रेनें पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, मानसी और सहरसा के रास्ते संचालित की जाएंगी.
स्पेशल ट्रेनों के रूट और समय सारणी का विवरण इस प्रकार है:
1. गाड़ी संख्या 03201/03202 पूर्णिया कोर्ट-दानापुर-पूर्णिया कोर्ट परीक्षा स्पेशल
गाड़ी सं. 03201 (पूर्णिया कोर्ट - दानापुर): यह ट्रेन 2 और 4 अगस्त को पूर्णिया कोर्ट से शाम 16:00 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन सहरसा (18:30 बजे), मानसी (20:28 बजे), खगड़िया (20:40 बजे), बेगुसराय (21:18 बजे), बरौनी (21:50 बजे), समस्तीपुर (23:05 बजे), मुजफ्फरपुर (रात 00:15 बजे), हाजीपुर (01:45 बजे), सोनपुर (02:00 बजे) और पाटलिपुत्र (02:50 बजे) रुकते हुए सुबह 03:30 बजे दानापुर पहुंचेगी.
गाड़ी सं. 03202 (दानापुर - पूर्णिया कोर्ट): वापसी में यह ट्रेन 3 और 5 अगस्त को दानापुर से शाम 19:30 बजे प्रस्थान करेगी. पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, बेगुसराय, खगड़िया, मानसी और सहरसा होते हुए अगले दिन सुबह 08:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
कोच संरचना: इस ट्रेन में स्लीपर क्लास के 14, जनरल क्लास के 04 और एसएलआरडी (SLRD) के 02 कोच सहित कुल 20 कोच उपलब्ध रहेंगे.
2. गाड़ी संख्या 03207/03208 पूर्णिया कोर्ट-दानापुर-पूर्णिया कोर्ट परीक्षा स्पेशल
गाड़ी सं. 03207 (पूर्णिया कोर्ट - दानापुर): यह ट्रेन 3 और 5 अगस्त 2026 को पूर्णिया कोर्ट से शाम 16:00 बजे खुलकर समान समय-सारणी के अनुसार अगले दिन सुबह 03:30 बजे दानापुर पहुंचेगी.
गाड़ी सं. 03208 (दानापुर - पूर्णिया कोर्ट): यह स्पेशल ट्रेन 4 और 6 अगस्त 2026 को दानापुर से शाम 19:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.
कोच संरचना: इस ट्रेन में स्लीपर क्लास के 05, जनरल क्लास के 07 और एसएलआरडी के 02 कोच सहित कुल 14 कोच लगाए जाएंगे.
RRB ग्रुप डी परीक्षा की प्रमुख तिथियां
आरआरबी ग्रुप डी परीक्षा 2026 का आयोजन सीबीटी माध्यम से 3, 4, 5, 6, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 17, 18, 19, 20, 21 और 25 अगस्त को निर्धारित है. अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पहले ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा चुके हैं. रेलवे प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे स्टेशन पर भीड़भाड़ से बचने और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए इन स्पेशल ट्रेनों की समय-सारणी का ध्यान रखें.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 02, 2026 10:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

