देश

तीनों सेनाओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए गए पाकिस्तानी झूठ के सबूत, कहा- हम पाक के किसी भी दुस्साहस का जवाब देने को तैयार

एयर वाइस मार्शल आरजीके कपूर ने कहा कि हमें खुशी है कि अभिनंदन कल मुक्त हो जाएंगे और हम उनके लौटने को लेकर आशान्वित हैं.

तीनों सेनाओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए गए पाकिस्तानी झूठ के सबूत, कहा- हम पाक के किसी भी दुस्साहस का जवाब देने को तैयार
पाकिस्तानी विमानों से छोड़ा गया मिसाइल का टुकड़ा (Photo Credits: ANI)

पाकिस्तान (Pakistan) के साथ तनाव के बीच भारत (India) के तीनों सेनाओं (एयरफोर्स, नेवी और आर्मी) की तरफ से गुरुवार शाम को एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया. इस दौरान एयर वाइस मार्शल आरजीके कपूर ने कहा कि हमें खुशी है कि अभिनंदन कल मुक्त हो जाएंगे और हम उनके लौटने को लेकर आशान्वित हैं. उन्होंने कहा कि अभिनंदन जिस मिग 21 विमान को उड़ा रहे थे, वह हवाई संघर्ष के दौरान क्रैश हो गया और इस क्रम में पाकिस्तान का एफ-16 विमान को मार गिराया गया. उन्होंने कहा कि वह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन उनका पैराशूट पाकिस्तान की ओर चला गया और तब से पाकिस्तान में हैं. उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरुवार को अपनी संसद में कहा कि शांति के संदेश के तौर पर भारतीय पायलट अभिनंदन को कल रिहा कर दिया जाएगा. यह पूछे जाने पर कि क्या वायु सेना इसे सद्भाव के संदेश के रूप में देखती है, उन्होंने कहा कि हम इसे जिनीवा संधि की भावना के अनुरूप देखते हैं.

एयर वाइस मार्शल आरजीके कपूर ने कहा कि सशस्त्र बल पूरी तरह से तैयार और मुस्तैद हैं और जमीन, वायु और समुद्र में सुरक्षा संबंधी किसी चुनौती से निपटने को तैयार है. कपूर ने कहा कि पाकिस्तान वायुसेना के विमानों ने हमारे सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की लेकिन उससे हमारे किसी भी रक्षा प्रतिष्ठान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने झूठ बोला कि एफ-16 का इस्तेमाल नहीं किया गया जबकि इस बात के पर्याप्त प्रमाण है. पाकिस्तान के पास केवल एफ-16 ही ऐसा विमान है जिसमें एमरॉन मिसाइल लगाया जा सकता है और एमरॉन मिसाइल के टुकड़े राजौरी के पूरब में भारतीय क्षेत्र में मिले हैं. इसके अलावा विमान के इलेक्ट्रानिक सिग्नेचर के मिलान से भी इसकी पुष्ठि हुई है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के बम सैन्य प्रतिष्ठान के परिसर में गिरे लेकिन वे लक्ष्यों को निशाना बनाने में विफल रहे.

वहीं, एडमिरल डीएस गुरजराल ने कहा कि पाकिस्तान के किसी भी मिसएडवेंचर का मुकाबला करने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं. मेजर जनरल सुरेंद्र सिंह महल ने कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देता रहेगा, हम आतंकी कैंपों को निशाना बनाते रहेंगे. यह भी पढ़ें- अभिनंदन की रिहाई के ऐलान पर बोले पीएम मोदी, अभी-अभी एक पायलट प्रोजेक्ट हुआ है, अब रियल करना है, देखें Video

तीनों सेनाओं की तरफ से कहा गया कि पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर की गई कार्रवाई पूरी तरह सफल रही है. इसके सबूत सेना के पास हैं. एक सवाल के जवाब में एयर वाइस मार्शल आरजीके कपूर ने कहा कि हमने जैश-ए-मोहम्मद के कैंपों पर बम बरसाया है, जिसमें काफी आतंकी मारे गए हैं. हम जो ध्वस्त करना चाहते थे, वो हमने कर दिया है.

तीनों सेनाओं (एयरफोर्स, नेवी और आर्मी) की ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत में नियंत्रण रेखा के पास पाया गया पाकिस्तानी एफ -16 विमानों से छोड़ा गया एमरॉन मिसाइल का टुकड़ा दिखाया गया.

भाषा इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2019 07:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).