देश

Coronavirus in India: 24 घंटे में सबसे अधिक 57,584 मरीज हुए ठीक, संक्रमितों की संख्या 26 लाख के पार

भारत में 24 घंटों में सामने आए 50 हजार मामलों ने देश में कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या को 26 लाख के पार पहुंचा दिया है. देश में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 57,584 COVID-19 मरीज ठीक हुए हैं. वहीं 941 मौतों के बाद वायरस से मौतों का आंकड़ा 50 हजार से अधिक हो गया है.

Coronavirus in India: 24 घंटे में सबसे अधिक 57,584 मरीज हुए ठीक, संक्रमितों की संख्या 26 लाख के पार
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: PTI)

नई दिल्ली: भारत में 24 घंटों में सामने आए 50 हजार मामलों ने देश में कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या को 26 लाख के पार पहुंचा दिया है. देश में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 57,584 COVID-19 मरीज ठीक हुए हैं. वहीं 941 मौतों के बाद वायरस से मौतों का आंकड़ा 50 हजार से अधिक हो गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि कुल 26,47,663 मामलों में से 19,19,842 लोग ठीक हो चुके हैं. इनमें से रिकॉर्ड 57,584 लोग पिछले 24 घंटों में ठीक हुए हैं. इससे देश में रिकवरी दर लगभग 72.51 प्रतिशत हो गई है. हालांकि देश में 6,76,900 कोविड-19 मरीज अब भी सक्रिय हैं.

देश ने 7 अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा छुआ था और बीते दस दिनों में ही छह लाख से अधिक मामले सामने आ गए. हालांकि, राहत की बात ये है कि ठीक होने वाले रोगियों और सक्रिय मामलों के बीच का अंतर हर दिन बढ़ता जा रहा है. वर्तमान में ठीक हुए लोगों की संख्या सक्रिय मामलों की तुलना में 12 लाख से अधिक है. यह भी पढ़ें: भारत में अबतक 3 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए, मृत्यु दर में गिरावट जारी. 

जहां तक मरने वालों की बात है तो देश में 13 मार्च को कोविड-19 से पहली मौत दर्ज की गई थी और 17 जुलाई को 25 हजार का आंकड़ा पार कर लिया था. इसके बाद अगली 25 हजार मौतें केवल एक महीने में दर्ज हो गईं. मंत्रालय ने कहा कि देश में अब मृत्युदर 1.93 प्रतिशत है.

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के अनुसार, रविवार को 7,31,697 नमूनों की जांच के बाद कुल जांचों की संख्या 3,00,41,400 हो गई है.

महाराष्ट्र 5,95,865 मामलों और 20,037 मौतों के साथ सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है. इसके बाद तमिलनाडु संक्रमण के 3,38,055 मामलों और 5,766 मौतों के साथ दूसरे स्थान पर है. इसके बाद दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली और उत्तर प्रदेश हैं.

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, वैश्विक स्तर पर मामलों की कुल संख्या 2 करोड़ 15 लाख हो गई है, वहीं मौतों की संख्या 7.74 के करीब पहुंच गई है.

विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने अपने ताजा अपडेट में बताया कि सोमवार सुबह तक मामलों की कुल संख्या 2,15,98,893 थी और मौतों की संख्या 7,73,934 हो गई थी.

सीएसएसई के अनुसार, दुनिया में सबसे अधिक अमेरिका में अब तक 54,03,213 मामले और 1,70,052 मौतें दर्ज हो चुकी हैं. वहीं 3,340,197 मामलों और 1,07,852 मौतों के साथ ब्राजील दूसरे स्थान पर है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 17, 2020 02:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).