भारत ने महज 18 महीनों में 200 करोड़ कोविड टीकाकरण का लक्ष्य पूरा किया
भारत ने रविवार को 18 महीनों के भीतर कोविड-19 टीकाकरण में रिकॉर्ड 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. देश में पिछले साल 16 जनवरी से अपने राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी.
नई दिल्ली, 17 जुलाई : भारत ने रविवार को 18 महीनों के भीतर कोविड-19 टीकाकरण में रिकॉर्ड 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. देश में पिछले साल 16 जनवरी से अपने राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी. को-विन पोर्टल के अनुसार, रविवार को अब तक कुल 1.91 लाख वैक्सीन लगाई गई. इस संख्या की मदद से नया मुकाम हासिल कर लिया गया. शनिवार रात तक देशभर में कुल 199.97 करोड़ कोविड वैक्सीन की खुराक दी गई थी. 16 जनवरी, 2021 को भारत सरकार ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में दो वैक्सीन कोवैक्सीन और कोविशील्ड भारतीय लोगों के लिए उपलब्ध कराए गए थे.
9 महीने के बाद भारत ने 21 अक्टूबर, 2021 को 100 करोड़ टीकाकरण का रिकॉर्ड बनाया. इसके 9 महीने बाद फिर से 17 जुलाई, 2022 को 200 करोड़ का आंकड़ा पूरा कर एक नया मुकाम हासिल किया है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, "भारत ने फिर इतिहास रचा है. वैक्सीन की 200 करोड़ डोज का बड़ा आंकड़ा पार करने पर सभी भारतीयों को बधाई. उन लोगों पर गर्व है, जिन्होंने भारत के टीकाकरण अभियान को पैमाने और गति में अद्वितीय बनाने में योगदान दिया. इसने कोविड 19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत किया है." यह भी पढ़ें : देश की खबरें | गुजरात तट से 70 किलोमीटर दूर तूफान, ओमान की ओर बढ़ने की संभावना
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस ऐतिहासिक मौके पर देश को बधाई देते हुए कहा कि भारत ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है. मंडाविया ने एक ट्वीट में कहा, "भारत ने 200 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य महज 18 महीने में पूरा कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है. इस उपलब्धि पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई. इस दिन को हमेशा याद रखा जाना चाहिए." डब्ल्यूएचओ दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह ने भी भारत को 2 अरब कोविड-19 वैक्सीन डोज देने के लिए बधाई दी.
उन्होंने लिखा, "भारत को 2 अरब से अधिक कोविड-19 वैक्सीन खुराक देने के लिए बधाई. यह अभी तक देश की प्रतिबद्धता और चल रही महामारी के प्रभाव को कम करने के प्रयासों का एक और सबूत है. कोविड-19 टीके सभी प्रकारों के लिए गंभीर बीमारी और मृत्यु से सुरक्षा प्रदान करते हैं. हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वैक्सीन लेने के बाद भी महामारी हमारे आसपास है, हमें वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी एहतियाती उपाय करने चाहिए."
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2022 03:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

