देश

Chandrayaan 3 Landing: इतिहास रचने को तैयार भारत, आज शाम चांद पर उतरेगा चंद्रयान-3, लैंडिंग के आखिरी 15 मिनट बेहद अहम

आज भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है. चंद्रयान-3 का लैंडर आज शाम 5 बजकर 45 मिनट पर चांद की ओर बढ़ना शुरू करेगा और शाम 6 बजकर 4 मिनट पर इसकी सॉफ्ट लैंडिंग होगी.

Chandrayaan 3 Landing: इतिहास रचने को तैयार भारत, आज शाम चांद पर उतरेगा चंद्रयान-3, लैंडिंग के आखिरी 15 मिनट बेहद अहम
(Photo Credits: Twitter)

Chandrayaan 3 Moon Landing: आज भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है. चंद्रयान-3 का लैंडर आज शाम 5 बजकर 45 मिनट पर चांद की ओर बढ़ना शुरू करेगा और शाम 6 बजकर 4 मिनट पर इसकी सॉफ्ट लैंडिंग होगी. लैंडर विक्रम की सॉफ्ट लैंडिंग सफल रही तो रोवर प्रज्ञान उससे बाहर आएगा और चांद पर टहल कर पानी और वहां के वातावरण के बारे में जानकारी देगा. यह जानकारी इसरो के लिए बेहद अहम होगी.

स्पेसक्राफ्ट को चांद की सतह पर लैंड करवाना सबसे मुश्किल और नाजुक प्रक्रिया है. इसमें आखिर के 15 मिनट सबसे अहम होते हैं. चार साल पहले लॉन्च हुआ चंद्रयान-2 लैंडिंग के आखिरी 15 मिनट में ही क्रैश हुआ था. ऐसे में इस बार भी इस समय को अहम माना जा रहा है. इन आखिरी 15 मिनट में चंद्रयान कई चरणों से होकर गुजरेगा.

इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा था कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग का पहला चरण रफ ब्रेकिंग होगा जो लगभग 700 सेकेंड का होगा. इस दौरान लैंडर लगभग 1.68 किमी प्रति सेकेंड की तेजी के साथ यात्रा कर रहा होगा, जिसे घटाकर 358 मीटर प्रति सेकेंड पर लाया जाएगा. इसके बाद लैंडर की रफ्तार को कम करने के लिए 400 न्यूटन के 4 इंजन फायर किए जाएंगे.

इसका अगला चरण एल्टीट्यूड होल्डिंग फेज होगा, जिसकी शुरुआत चांद की सतह से 7.4 किलोमीटर की दूरी पर होगी. इसमें लैंडर और चांद के सतह के बीच की दूरी को घटाकर 6.8 किलोमीटर की जाएगी. इस दौरान चंद्रयान-3 के लैंडर की गति को और घटाकर 336 मीटर प्रति सेकेंड की जाएगी. इसकी गति को कम करने लिए लैंडर को गति देने वाले थ्रस्टर काम आएंगे. लैंडर में चार थ्रस्टर लगे हैं, जो उल्टी दिशा में चलेंगे और उन्हीं से चंद्रयान-3 की स्पीड कम होगी.

 

इस बार मिलेगी सफलता

ISRO के पूर्व प्रमुख के सिवन  का कहना है कि "इस बार यह शानदार सफलता होगी. चंद्रयान-2 से हमने जो सबक सीखा है. उसके आधार पर सिस्टम ज्यादा मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है."

How to Watch Chandrayaan-3 Landing Live Streaming

 चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण 23 अगस्त 2023 की शाम 5 बजकर 27 मिनट से शुरू हो जाएगा. इसे ISRO की वेबसाइट...ISRO की वेबसाइट...  isro.gov.in, YouTube पर... youtube.com/watch?v=DLA_64yz8Ss, Facebook पर... Facebook https://facebook.com/ISRO या फिर डीडी नेशनल टीवी चैनल पर देखा जा सकता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2023 08:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).