देश

Pappu Yadav Arrested: पटना में देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा, 31 साल पुराने ज़मीन विवाद मामले में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार; VIDEO

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 1995 के एक पुराने जमीन विवाद और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है. देर रात हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया.

Pappu Yadav Arrested: पटना में देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा, 31 साल पुराने ज़मीन विवाद मामले में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार; VIDEO
(Photo Credits PTI)
Pappu Yadav Arrested: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पटना पुलिस की एक बड़ी टीम ने पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को उनके मंदिरी स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी साल 1995 के एक पुराने जमीन विवाद और धोखाधड़ी से जुड़े मामले में की गई है. गिरफ्तारी के वक्त सांसद के आवास के बाहर बड़ी संख्या में उनके समर्थक जमा हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि सांसद के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी था. ट्रायल के दौरान निर्धारित तिथि पर अदालत में पेश न होने के कारण पुलिस को यह कार्रवाई करनी पड़ी.  यह भी पढ़े:  Pappu Yadav on CM Nitish: ’20 साल से बिहार को बर्बाद कर रहे’, पप्पू यादव का सीएम नीतीश के वीडियो संदेश पर पलटवार

पप्पू यादव गिरफ्तार

क्या है पूरा मामला?

यह मामला करीब 31 साल पुराना है, जो पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज है. शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल का आरोप है कि उनका घर धोखाधड़ी से किराए पर लिया गया था और बाद में उसका इस्तेमाल सांसद कार्यालय के रूप में किया जाने लगा, जबकि किराए के समझौते के समय यह जानकारी छिपाई गई थी.

सांसद के खिलाफ तत्कालीन भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था:

  • धोखाधड़ी और जालसाजी: धारा 419, 420, 467 और 468.

  • घर में अवैध प्रवेश: धारा 448.

  • धमकाना और साजिश: धारा 506 और 120B.

आधी रात का ड्रामा और 'हत्या की साजिश' के आरोप

पुलिस की टीम शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पप्पू यादव के आवास पहुंची थी. सांसद ने रात में साथ जाने से इनकार कर दिया और कहा कि वह शनिवार सुबह 11 बजे खुद कोर्ट में पेश होने वाले थे. उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सादे कपड़ों में हथियार के साथ आए थे, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हुआ.

पप्पू यादव ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा, "मैं अभी दिल्ली से लौटा हूं और कोर्ट का सम्मान करता हूं. लेकिन आधी रात को इस तरह गिरफ्तारी करना मुझे मारने की साजिश है." उन्होंने हाल ही में NEET अभ्यर्थियों के हक में उठाई गई अपनी आवाज को भी इस कार्रवाई से जोड़कर देखा.

प्रशासनिक कार्रवाई और कोर्ट में पेशी

सिटी एसपी के अनुसार, अदालत ने पहले गिरफ्तारी वारंट और फिर संपत्ति कुर्की (Attachment) का आदेश जारी किया था. पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून का पूरी तरह पालन किया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को मेडिकल जांच के लिए IGIMS अस्पताल ले जाया गया, क्योंकि उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही थी.

अस्पताल में जांच के बाद उन्हें शनिवार को पटना की विशेष MP-MLA कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे केवल अदालती आदेश का पालन कर रहे हैं और इसमें किसी भी तरह की राजनीति शामिल नहीं है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 07, 2026 08:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).