देश

IMD Forecast: बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बनने की संभावना, ओडिशा में सरकारी कर्मियों की छुटि्टयां रद्द

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है और वह सप्ताहांत तक चक्रवात में बदल सकता है.

IMD Forecast: बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात बनने की संभावना, ओडिशा में सरकारी कर्मियों की छुटि्टयां रद्द
चक्रवात I प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

भुवनेश्वर: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है और वह सप्ताहांत तक चक्रवात में बदल सकता है. आईएमडी के मुताबिक, अगले 48 घंटे के अंदर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पूर्व मध्य भाग के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.

इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है और 22 अक्टूबर की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के मध्य में यह दबाव का क्षेत्र बन सकता है. आईएमडी के मुताबिक, इसके बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं.

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि कम दबाव के क्षेत्र के तूफान का रूप लेने के आसार हैं, लेकिन इसकी तीव्रता और मार्ग के बारे में कोई पूर्वानुमान जारी नहीं किया जा रहा है.

उन्होंने कहा, “ कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद ही चक्रवात को लेकर हम और विवरण दे सकते हैं.”

ओडिशा में सरकारी कर्मचारियों की सभी छुट्टियां रद्द 

ओडिशा सरकार ने इस पूर्वानुमान के मद्देनजर 23 से 25 अक्टूबर के बीच सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया है. राज्य ने तटीय जिलों को अलर्ट पर रखा है. पिछले हफ्ते, ओडिशा सरकार ने अपने अधिकारियों से अगले दो महीनों में संभावित चक्रवातों के लिए तैयार रहने को कहा था. मुख्य सचिव एससी महापात्र ने संबंधित अधिकारियों को पिछले सोमवार को हुई राज्य स्तरीय चक्रवात तैयारियों की बैठक में सभी एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 18, 2022 02:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).