हैदराबाद पुलिस का सराहनीय काम: गणेश विसर्जन की भीड़ में कैब नहीं मिली तो अपने वाहन से गर्भवती महिला को पहुंचाया अस्पताल
गणेश विसर्जन के मुख्य जुलूस के चलते पुराने शहर के कई इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. सड़कों पर बैरिकेडिंग और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध की वजह से शाहली बांदा इलाके में यातायात पूरी तरह से बाधित था.
Hyderabad Police: हैदराबाद. हैदराबाद के पुराने शहर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बीच पुलिस की संवेदनशीलता का एक मिसाल पेश करने वाला मामला सामने आया है. शाहली बांदा एक्स रोड्स पर ट्रैफिक डायवर्जन और भारी भीड़ के कारण एक गर्भवती मुस्लिम महिला को अस्पताल जाने के लिए कोई कैब या ऑटो नहीं मिल पा रहा था. परिस्थिति को देखते हुए हुसैनी आलम पुलिस स्टेशन की पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल हस्तक्षेप किया और महिला को अपनी पुलिस गाड़ी से सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया.
गणेश विसर्जन के दौरान सड़कों पर था भारी डायवर्जन
गणेश विसर्जन के मुख्य जुलूस के चलते पुराने शहर के कई इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. सड़कों पर बैरिकेडिंग और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध की वजह से शाहली बांदा इलाके में यातायात पूरी तरह से बाधित था. यह भी पढ़े: Delhi Missing Child: दिल्ली पुलिस की सराहनीय पहल, 11 महीनों में 223 लापता बच्चों को परिजनों से मिलवाया, लोगों ने की तारीफ
इसी दौरान एक परिवार अपनी गर्भवती महिला को नियमित मेडिकल जांच के लिए असरा अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहा था. काफी देर तक प्रयास करने के बाद भी भारी भीड़ और डायवर्जन के कारण परिवार को कोई कैब या सार्वजनिक वाहन नहीं मिल सका.
ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने संभाली स्थिति
शाहली बांदा एक्स रोड्स पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हुसैनी आलम पुलिस स्टेशन के डिटेक्टिव इंस्पेक्टर दस्रू नायक और महिला कॉन्स्टेबल रजिता की नजर इस परेशान परिवार पर पड़ी. परिवार की समस्या जानने के बाद अधिकारियों ने बिना देर किए आपातकालीन सहायता देने का फैसला किया.
पुलिस टीम ने अपनी पेट्रोलिंग गाड़ी को ही एम्बुलेंस के रूप में इस्तेमाल किया. महिला को परिजनों के साथ वाहन में बैठाकर तुरंत असरा अस्पताल के लिए रवाना किया गया.
पुलिस के मानवीय कार्य की सराहना
पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित निर्णय के कारण गर्भवती महिला समय पर अस्पताल पहुंच सकी. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया पर लोगों ने हैदराबाद पुलिस के इस मानवीय कार्य की काफी सराहना की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन मदद करना उनकी प्राथमिकता है.