Hotel Shadab FSSAI License Suspended: हैदराबाद के मशहूर होटल शादाब का एफएसएसएआई लाइसेंस सस्पेंड, फूड सेफ्टी जांच में मिलीं गंभीर अनियमितताएं
चारमीनार के पास मदीना इलाके में स्थित होटल शादाब के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद होटल का संचालन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया गया. जांच में खाना बनाने की जगह बेहद गंदी मिली. खुले कूड़ेदान, इधर-उधर फैला कचरा और बिना हेड कैप के काम करते कर्मचारी भी पाए गए.
Hotel Shadab FSSAI License Suspended: हैदराबाद (Hyderabad) के चारमीनार (Charminar) के पास स्थित अपनी मशहूर हैदराबादी बिरयानी, मुगलई-पर्शियन व्यंजनों और पारंपरिक नाश्ते के लिए प्रसिद्ध होटल शादाब (Hotel Shadab) का FSSAI लाइसेंस तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी फॉर फूड एंड एसेंशियल ड्रग्स (TG SAFE) ने निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई हैदराबाद में चलाए गए विशेष फूड सेफ्टी अभियान के तहत की गई. इस अभियान के दौरान फूड सेफ्टी अधिकारियों और पुलिस की नौ संयुक्त टीमों ने शहर के कोर अर्बन रीजन में 19 कैफे और स्नैक सेंटरों का निरीक्षण किया. जांच के बाद कई प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस, बंद करने के आदेश और खाद्य नमूनों की जब्ती जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ा. यह भी पढ़ें: क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर 30 सितंबर से फूड लेबल और एक्सपायरी डेट दिखाना अनिवार्य; FSSAI का कड़ा रुख
होटल शादाब में मिलीं कई गंभीर खामियां
चारमीनार के पास मदीना इलाके में स्थित होटल शादाब के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद होटल का संचालन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया गया. जांच में खाना बनाने की जगह बेहद गंदी मिली. खुले कूड़ेदान, इधर-उधर फैला कचरा और बिना हेड कैप के काम करते कर्मचारी भी पाए गए.
अधिकारियों के अनुसार, मांस और अन्य जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से नहीं रखा जा रहा था. इसके अलावा किचन और फूड प्रिपरेशन एरिया में कॉकरोच और मक्खियां भी देखी गईं. होटल प्रबंधन खाद्य कर्मचारियों के अनिवार्य स्वास्थ्य रिकॉर्ड, FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े रिकॉर्ड भी पेश नहीं कर सका.
अन्य कैफे और भोजनालयों पर भी हुई कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पंजागुट्टा स्थित एशियाटिक कैफे (Asiatic Cafe) और बाग लिंगमपल्ली स्थित ड्रीम्ज कैफेटेरिया (Dreamz Cafeteria) को बिना वैध FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के संचालन करने पर बंद करने के आदेश दिए गए. अधिकारियों ने धूल और मक्खियों के संपर्क में रखे गए खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को नष्ट कर दिया. साथ ही मिलावट की आशंका के चलते चाय पत्ती, अदरक-लहसुन पेस्ट और बिस्कुट समेत 15 खाद्य नमूने लैब जांच के लिए जब्त किए गए.
इन प्रतिष्ठानों को जारी हुए नोटिस
फूड सेफ्टी विभाग ने होटल शादाब, गोल्डन कैफे, मिरोसा कैफे, एशियाटिक कैफे और ड्रीम्ज कैफेटेरिया को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. वहीं निमराह कैफे एंड बेकरी, ब्लू सी, कैफे पर्शिया, बहार बिरयानी कैफे और डायमंड पॉइंट होटल समेत 12 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी करते हुए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोबारा निरीक्षण के दौरान नियमों का पालन नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.