Haridwar Snakes News: उत्तराखंड के हरिद्वार में घर की पानी की टंकी में रेंगते मिले 27 सांप के बच्चे, देखने के बाद लोगों के उड़े होश; VIDEO

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के सराई गांव में एक घर की पानी की टंकी से 27 सांप के बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया. वन विभाग की टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Snakes

Haridwar Snakes News:  उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के सराई गांव में एक घर की पानी की टंकी के भीतर से एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 27 सांप के बच्चे (Baby Snakes) बरामद किए गए हैं. इस घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों में डर का माहौल है. गनीमत रही कि समय रहते वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस अनोखे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पानी की टंकी खोलते ही उड़ गए होश

जानकारी के अनुसार, सराई गांव के एक परिवार ने जब अपने घर की छत पर रखी पानी की टंकी को खोला, तो उनके होश उड़ गए. टंकी के भीतर दर्जनों छोटे-छोटे सांप तैरते और रेंगते हुए दिखाई दिए. घर के सदस्यों ने तुरंत इसकी जानकारी आस-पड़ोस के लोगों को दी. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.  यह भी पढ़े:  Ketan Bhatikar Dead: गोवा कांग्रेस नेता केतन भाटीकर का निधन, सांप के काटने से हुई मौत; पोंडा उपचुनाव से पहले पार्टी को लगा बड़ा झटका

घर की पानी की टंकी में रेंगते मिले 27 सांप के बच्चे

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय वन विभाग को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) एक्सपर्ट स्नेक कैचर तालिब और भोला के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने बेहद सावधानी से काम करते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टंकी से सभी 27 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें डिब्बों में बंद कर दिया.

टंकी के भीतर कैसे पहुंचे इतने सारे सांप?

एक ही जगह पर इतनी बड़ी संख्या में सांप मिलने से हर कोई हैरान है. इस संबंध में जानकारी देते हुए रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने के कारण वन्यजीव पानी और ठंडक की तलाश में इंसानी बस्तियों का रुख करते हैं.

उन्होंने संभावना जताई कि पानी से भरी इस टंकी में कुछ समय पहले किसी मादा सांप ने अंडे दिए होंगे. सुरक्षित स्थान होने के कारण अंडों से बच्चे निकलने के बाद भी वे कई दिनों से इसी टंकी के भीतर रह रहे थे.

बिना जहर वाले 'चेकर्ड कीलबैक' हैं ये सांप

वन विभाग के विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि रेस्क्यू किए गए ये जीव 'चेकर्ड कीलबैक' (Checkered Keelback) प्रजाति के हैं, जिन्हें आम बोलचाल में 'एशियाई वॉटर स्नेक' (Water Snake) कहा जाता है.

राहत की बात: यह प्रजाति पूरी तरह से गैर-विषैली (Non-Venomous) होती है, यानी इनमें जहर नहीं होता. ये आमतौर पर तालाबों, नदियों, नहरों और दलदली इलाकों के पास पाए जाते हैं और मुख्य रूप से मेंढक व छोटी मछलियों का शिकार करते हैं. इंसानों के लिए ये खतरनाक नहीं होते हैं.

वन विभाग की जनता से अपील

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कोई इसे बेहद डरावना बता रहा है, तो कोई वन विभाग की मुस्तैदी की तारीफ कर रहा है.

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दिनों में ऐसे मामले बढ़ सकते हैं. अगर किसी के घर या आसपास कोई सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान न पहुंचाएं. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें ताकि विशेषज्ञ टीम उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ सके. सभी 27 सांपों को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया है.

Share Now