Gwalior Crime: ग्वालियर में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप; पति ने मारा थप्पड़ तो पत्नी ने प्राइवेट पार्ट पर फेंका खौलता हुआ पानी
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा इलाके में एक घरेलू विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया. यहाँ शनिवार रात शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान पति ने जब पत्नी को थप्पड़ मारा, तो आक्रोशित पत्नी ने गैस पर उबल रहा पानी लाकर सीधे पति के प्राइवेट पार्ट पर उड़ेल दिया. बीच-बचाव करने आए ससुर भी इस हमले में मामूली रूप से झुलस गए हैं.
ग्वालियर: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर (Gwalior) जिले से घरेलू हिंसा (Domestic Violence) का एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है. जिले के डबरा सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार रात को एक दंपत्ति के बीच हुआ मामूली विवाद इस कदर हिंसक हो गया कि पत्नी ने अपने पति पर खौलता हुआ पानी फेंक दिया. इस हमले में पति के प्राइवेट पार्ट (गुप्तांग) गंभीर रूप से झुलस गए हैं. वहीं, घर में मौजूद वृद्ध ससुर ने जब अपनी आंखों के सामने बेटे को तड़पता देख बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो वे भी गर्म पानी की चपेट में आने से मामूली रूप से झुलस गए. पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. यह भी पढ़ें: Faridabad Shocker: फरीदाबाद में कपड़ा व्यापारी ने किया सुसाइड; इंस्टाग्राम पर आखिरी वीडियो डाल पत्नी और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
थप्पड़ मारते ही आपे से बाहर हुई पत्नी
डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दंपत्ति की कोई संतान नहीं है और दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर अनबन होती रहती थी. पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घायल पति अत्यधिक शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में हंगामा करता था.
शनिवार रात को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा था, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद के दौरान तैश में आकर पति ने अपनी पत्नी को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. थप्पड़ खाते ही महिला इस कदर आगबबूला हो गई कि वह सीधे रसोई की तरफ भागी, जहां उसने गैस चूल्हे पर दाल पकाने के लिए पानी उबलने रखा था. महिला ने बिना कुछ सोचे-समझे वह खौलता हुआ पानी लाकर सीधे अपने पति के ऊपर फेंक दिया, जिसका मुख्य हिस्सा उसके प्राइवेट पार्ट पर जा गिरा.
अस्पताल में भर्ती पति ने लगाया चोरी का आरोप
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद गंभीर रूप से झुलसे पति को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, गर्म पानी से झुलसने के कारण युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका आईसीयू (ICU) में इलाज चल रहा है.
अस्पताल में होश में आने के बाद पीड़ित पति ने अपनी पत्नी पर एक और संगीन आरोप लगाया है. उसका कहना है कि खौलता पानी फेंककर उसे तड़पता छोड़ने के बाद उसकी पत्नी घर की अलमारी में रखे नकद रुपए और सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गई.
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
डबरा सिटी थाना पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर में केवल पति, पत्नी और पति के बुजुर्ग पिता ही मौजूद थे। पुलिस ने पीड़ित पिता और पुत्र के बयानों के आधार पर केस डायरी तैयार कर ली है.
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि महिला के खिलाफ प्रताड़ना, गंभीर चोट पहुंचाने और घर से नकदी व जेवरात लेकर भागने के आरोपों की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है. आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा.