देश

Guwahati Flyover Birthday: गुवाहाटी में फ्लाईओव्हर पर पत्नी का बर्थ-डे मनाना व्यवसायी को पड़ा भारी, पुलिस ने कई लोगों को लिया हिरासत में; VIDEO

असम के गुवाहाटी में एक शख्स द्वारा अपनी पत्नी के जन्मदिन पर फ्लाईओव्हर को पार्टी हॉल में बदलने का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और जन आक्रोश के बाद पुलिस ने व्यवसायी गौतम बरुआ समेत 14 लोगों को हिरासत में लिया है.

Guwahati Flyover Birthday: गुवाहाटी में फ्लाईओव्हर पर पत्नी का बर्थ-डे मनाना व्यवसायी को पड़ा भारी, पुलिस ने कई लोगों को लिया हिरासत में; VIDEO
(Photo Credits Zee news)

Guwahati Flyover Birthday:  असम की राजधानी गुवाहाटी में एक फ्लाईओव्हर पर बीच सड़क आधी रात को जन्मदिन का जश्न मनाना एक व्यवसायी और उसके साथियों के लिए महंगा साबित हुआ है. कुमार भास्कर वर्मा सेतु (फ्लाईओव्हर) पर आयोजित इस भव्य पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी. मामले का संज्ञान लेते हुए गुवाहाटी पुलिस ने मुख्य आरोपी व्यवसायी गौतम बरुआ और उनकी पत्नी समेत 14 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने जश्न में इस्तेमाल की गईं चार लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है.

रेड कार्पेट और गुब्बारों से सजाया सार्वजनिक मार्ग

पुलिस जांच के अनुसार, यह घटना 21 और 22 जून की मध्यरात्रि को करीब 12.30 बजे कुमार भास्कर वर्मा फ्लाईओव्हर पर हुई. स्थानीय व्यवसायी गौतम बरुआ ने अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए फ्लाईओव्हर के एक हिस्से को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया था. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर बकायदा रेड कार्पेट बिछाया गया था, चारों तरफ गुब्बारे लगाए गए थे और केक काटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. इस दौरान सड़क पर लैंड रोवर डिफेंडर और मर्सिडीज जैसी कई महंगी गाड़ियां खड़ी थीं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.  यह भी पढ़े: Mumbai Taxi Driver Arrested: मुंबई पुलिस की कार्रवाई, टैक्सी ड्राइवर ने 400 मीटर के सफर के लिए अमेरिकी पर्यटक से वसूले ₹18,000, गिरफ्तार

 फ्लाईओव्हर पर पत्नी का बर्थ-डे मनाना व्यवसायी को पड़ा भारी

BNS के तहत मामला दर्ज

वीडियो वायरल होने के बाद गुवाहाटी की भरालुमुख पुलिस तुरंत एक्शन में आई. पुलिस ने मुख्य आरोपी गौतम बरुआ को गिरफ्तार कर लिया और घटना में शामिल अन्य लोगों को हिरासत में लिया. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना), 285 (सार्वजनिक रास्ते में खतरा या बाधा पैदा करना) और 270 (पब्लिक न्यूसेंस यानी सार्वजनिक उपद्रव) के तहत केस दर्ज किया है.

लक्जरी कारें जब्त, जांच का दायरा बढ़ा

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) जयंत सारथी बोरा ने बताया कि सोशल मीडिया पर फुटेज सामने आने के बाद वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों के जरिए आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद लैंड रोवर डिफेंडर, मर्सिडीज-बेंज, महिंद्रा स्कॉर्पियो और होंडा सिटी कारों को जब्त कर लिया है. आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया कि वे वहां सिर्फ पांच मिनट के लिए रुके थे, लेकिन पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या इसके लिए कोई पूर्व योजना बनाई गई थी और क्या सार्वजनिक सुरक्षा को जानबूझकर खतरे में डाला गया था.

सार्वजनिक संपत्तियों के दुरुपयोग पर बहस

इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है. नेटिजन्स और स्थानीय नागरिकों ने निजी आयोजनों के लिए सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और सड़कों के इस तरह के दुरुपयोग की कड़ी निंदा की है. लोगों का कहना है कि इस तरह के कृत्यों से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि रात के समय तेज रफ्तार से चलने वाले अन्य वाहनों के लिए गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है. पुलिस ने साफ किया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2026 10:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).