Gurugram News: गुरुग्राम के पॉल रेस्टोरेंट के सैंडविच में रेंगता मिला जिंदा कीड़ा, सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
सुलभ माथुर नामक ग्राहक ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया. माथुर के अनुसार, वे अपने दोस्तों के साथ सुबह लगभग 11 बजे पॉल रेस्टोरेंट में नाश्ता करने गए थे और उन्होंने 6 से 7 डिश का ऑर्डर दिया था.
Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित वन होराइजन सेंटर में मौजूद नामचीन रेस्टोरेंट 'पॉल' (Paul) में एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुंचे एक ग्राहक के सैंडविच में जिंदा कीड़ा रेंगता हुआ पाया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया है, जिससे नामी रेस्टोरेंट्स के स्वच्छता मानकों और खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
आधा सैंडविच खाने के बाद दिखा जिंदा कीड़ा
सुलभ माथुर नामक ग्राहक ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया. माथुर के अनुसार, वे अपने दोस्तों के साथ सुबह लगभग 11 बजे पॉल रेस्टोरेंट में नाश्ता करने गए थे और उन्होंने 6 से 7 डिश का ऑर्डर दिया था.
सैंडविच में रेंगता मिला जिंदा कीड़ा
सैंडविच को आधा खा लेने के बाद उनकी नजर उसमें रेंग रहे एक सफेद रंग के जिंदा कीड़े पर पड़ी. घटना से स्तब्ध होकर उन्होंने तुरंत इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और रेस्टोरेंट की लापरवाही को उजागर करने के लिए इसे ऑनलाइन पोस्ट कर दिया.
वायरल वीडियो पर 13 लाख से अधिक व्यूज
सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद इस वीडियो को 13 लाख (1.3 मिलियन) से अधिक बार देखा जा चुका है. यूजर्स ने वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और रसोई से टेबल तक खाना परोसने के बीच अपनाई जाने वाली स्वच्छता प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. कई लोगों ने लिखा कि इतने महंगे और नामचीन रेस्टोरेंट में इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है.
रेस्टोरेंट ने मांगी माफी, आंतरिक जांच के आदेश
मामला तूल पकड़ने के बाद पॉल रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर आधिकारिक रूप से माफी मांगी. रेस्टोरेंट प्रतिनिधि ने कहा कि यह घटना उनके गुणवत्ता मानकों के विपरीत है और वे ग्राहकों की सुरक्षा और भोजन की स्वच्छता को गंभीरता से लेते हैं. प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है.
हालांकि, शिकायतकर्ता सुलभ माथुर ने रेस्टोरेंट की माफी को एक औपचारिक प्रतिक्रिया करार दिया. दूसरी ओर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि औपचारिक शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक प्रशासनिक जांच की जाएगी.