Gujarat Local Body Elections 2026: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी, कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के बीच डाले जा रहे हैं वोट; VIDEOS

गुजरात में 15 नगर निगमों और विभिन्न पंचायतों के लिए स्थानीय निकाय चुनाव 2026 का मतदान जारी है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और हेमंत जोशी जैसे प्रमुख नेताओं ने रविवार सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया और नागरिकों से भारी संख्या में मतदान करने की अपील की.

(Photo Credits ANI)

Gujarat Local Body Elections 2026: गुजरात में स्थानीय सरकार चुनने के लिए रविवार (26 अप्रैल, 2026) को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई. राज्य के 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं और सैकड़ों जिला व तालुका पंचायतों के लिए सुबह 7 बजे से ही वोट डाले जा रहे हैं. चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

जगदीश विश्वकर्मा ने ठक्करबापानगर में किया मतदान

गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा सुबह-सुबह अहमदाबाद के ठक्करबापानगर क्षेत्र पहुंचे. उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल शाला संकुल के पोलिंग बूथ संख्या 26 पर अपना वोट डाला. मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जनता विकास के नाम पर वोट दे रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा एक बार फिर सभी स्थानीय निकायों में बड़ी जीत दर्ज करेगी.  यह भी पढ़े:  Gujarat Local Body Elections 2026: सोशल मीडिया स्टार Ankita Parmar लड़ेंगी स्थानीय निकाय चुनाव, BJP ने वडोदरा की पोर’ सीट से दिया टिकट

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी

वडोदरा में हेमंत जोशी ने डाला वोट

वडोदरा में भी चुनावी माहौल गरमाया हुआ है. भाजपा के प्रमुख नेता और पूर्व सांसद हेमंत जोशी ने अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला. मतदान के बाद उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेने की अपील की. वडोदरा नगर निगम और जिला पंचायत की सीटों पर इस बार मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है, क्योंकि विपक्षी दलों ने भी पूरी ताकत झोंक रखी है.

चुनाव का गणित और सुरक्षा व्यवस्था

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, गुजरात की 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए आज मतदान हो रहा है. गौरतलब है कि नामांकन वापसी के बाद लगभग 730 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश भाजपा के पक्ष में रहे हैं.

राजनीतिक महत्व

2026 के ये स्थानीय निकाय चुनाव गुजरात की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. इसे अगले विधानसभा चुनावों से पहले जनता के मूड को समझने का एक बड़ा पैमाना माना जा रहा है. भाजपा जहां अपने गढ़ को बचाने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) भी शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए संघर्ष कर रही हैं.

Share Now