देश

PM Modi Assam Visit: असम में 'बागुरुम्बा' का महाकुंभ! पीएम मोदी 10,000 कलाकारों के साथ देखेंगे ऐतिहासिक नृत्य; काजीरंगा कॉरिडोर का करेंगे भूमि पूजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 और 18 जनवरी को असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे गुवाहाटी में 10,000 बोडो कलाकारों के विशाल 'बागुरुम्बा' नृत्य उत्सव में शामिल होंगे और काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखेंगे.

PM Modi Assam Visit: असम में 'बागुरुम्बा' का महाकुंभ! पीएम मोदी 10,000 कलाकारों के साथ देखेंगे ऐतिहासिक नृत्य; काजीरंगा कॉरिडोर का करेंगे भूमि पूजन
पीएम मोदी (Photo Credits: X/@narendramodi)

PM Modi Assam Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) शनिवार, 17 जनवरी से असम (Assam) के दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर पहुंच रहे हैं. इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी (PM Modi) राज्य को हजारों करोड़ की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सौगात देंगे और बोडो समुदाय के एक विशाल सांस्कृतिक महाआयोजन के साक्षी बनेंगे. शनिवार शाम करीब 6 बजे गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम (अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) में 'बागुरुम्बा दोहौ 2026' (Bagurumba Dohou 2026) का आयोजन होगा, जिसे बोडो संस्कृति के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है. यह भी पढ़ें: Maharashtra Municipal Corporation Election Results 2026: ‘धन्यवाद महाराष्ट्र!’ पीएम मोदी ने नगर निकाय चुनावों में NDA के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की

10,000 कलाकार रचेंगे इतिहास

इस सांस्कृतिक उत्सव का मुख्य आकर्षण बोडो समुदाय का पारंपरिक नृत्य 'बागुरुम्बा' होगा.

  • विशाल प्रदर्शन: असम के 23 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों से आए 10,000 से अधिक कलाकार एक साथ, एक लय में नृत्य करेंगे.
  • प्रकृति से जुड़ाव: बागुरुम्बा नृत्य प्रकृति से प्रेरित है, जिसमें कलाकार तितलियों, पक्षियों और फूलों की कोमल गतिविधियों की नकल करते हैं.
  • सांस्कृतिक महत्व: यह नृत्य शांति, खुशी और सामूहिक सद्भाव का प्रतीक है। इससे पहले असम सरकार बीहू और झुमूर नृत्य के ऐसे ही भव्य वैश्विक प्रदर्शन आयोजित कर चुकी है.

काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर: ₹6,950 करोड़ की सौगात

दौरे के दूसरे दिन यानी रविवार सुबह 11 बजे, प्रधानमंत्री नगांव जिले के कालीबर (Kaliabor) पहुंचेंगे। वहां वे काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन करेंगे.

  • वन्यजीव सुरक्षा: ₹6,950 करोड़ से अधिक की लागत वाली यह 86 किमी लंबी परियोजना काजीरंगा नेशनल पार्क के संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरेगी.
  • एलिवेटेड कॉरिडोर: इसमें 35 किमी लंबा 'एलिवेटेड' हिस्सा होगा, ताकि नीचे से जंगली जानवर बिना किसी बाधा के आ-जा सकें और सड़क हादसों में कमी आए.
  • संपर्क: यह प्रोजेक्ट जोरहाट से गुवाहाटी के बीच यात्रा के समय को कम करेगा और ऊपरी असम के जिलों के लिए कनेक्टिविटी सुधारेगी. यह भी पढ़ें: PM Modi To Visit Somnath Temple: पीएम मोदी के साथ देशवासी ड्रोन शो से देखेंगे सोमनाथ मंदिर के 1000 साल का इतिहास

दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी

इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी पूर्वोत्तर को उत्तर भारत से जोड़ने वाली दो नई मृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रवाना करेंगे:

  1. गुवाहाटी (कामाख्या) – रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस
  2. डिब्रूगढ़ – लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस

ये ट्रेनें आम नागरिकों के लिए किफायती और आधुनिक यात्रा सुनिश्चित करेंगी. इसके अलावा प्रधानमंत्री कालीबर में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसे राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 के शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 17, 2026 08:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).