Ganesh Visarjan 2026: अनंत चतुर्दशी पर मुंबई ने बप्पा को दी भावभीनी विदाई, गणेश विसर्जन यात्रा हुई शुरू (Watch Videos)

अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश की प्रतिमाओं का प्राकृतिक जलाशयों या कृत्रिम विसर्जन कुंडों में विसर्जन किया जाता है. मुंबई में शुक्रवार पूरे दिन और देर रात तक विभिन्न सार्वजनिक मंडलों और घरों से गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं जारी रहने की उम्मीद है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें.

Ganesh Visarjan 2026 Update: मुंबई में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान गणेश को विदाई देने के लिए गणेश विसर्जन यात्राएं शुरू हो गईं. इसके साथ ही 10 दिवसीय गणेशोत्सव का समापन भी हो रहा है. लालबाग समेत मुंबई के कई इलाकों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. ढोल-ताशों की गूंज, "गणपति बप्पा मोरया" के जयकारों और फूलों की वर्षा के बीच भक्त अपने प्रिय बप्पा को अंतिम विदाई देने के लिए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए. यह भी पढ़ें: Lalbaugcha Raja: लालबागचा राजा पंडाल के पास 68 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक मौत; गणेशोत्सव के दौरान इलाके में दूसरी दुखद घटना

मुंबई में शुरू हुई गणेश विसर्जन यात्रा, लालबाग में उमड़े श्रद्धालु

मुंबई के सबसे प्रसिद्ध गणेशोत्सव स्थलों में शामिल लालबाग में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी. विभिन्न सार्वजनिक मंडलों और घरों से भगवान गणेश की प्रतिमाओं को पारंपरिक पूजा-अर्चना और आरती के बाद विसर्जन के लिए रवाना किया गया. श्रद्धालु नाचते-गाते और ढोल-ताशों की धुन पर बप्पा की शोभायात्रा में शामिल हुए.

इस दौरान लालबागचा राजा की ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा भी लालबाग से गिरगांव चौपाटी की ओर रवाना होने वाली है. अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा.

गणेशोत्सव के समापन पर मुंबई में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया:

विसर्जन के लिए प्रशासन की व्यापक तैयारी

गणेश विसर्जन को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और मुंबई पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं. शहरभर में सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए 24,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. वहीं, विसर्जन व्यवस्था संभालने के लिए करीब 25,000 बीएमसी कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है.

इसके अलावा विभिन्न विसर्जन स्थलों पर कृत्रिम तालाब, लाइफगार्ड, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, क्रेन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था भी की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

अनंत चतुर्दशी के साथ गणेशोत्सव का समापन

अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश की प्रतिमाओं का प्राकृतिक जलाशयों या कृत्रिम विसर्जन कुंडों में विसर्जन किया जाता है. मुंबई में शुक्रवार पूरे दिन और देर रात तक विभिन्न सार्वजनिक मंडलों और घरों से गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं जारी रहने की उम्मीद है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें, सुरक्षा नियमों का पालन करें और पुलिस एवं बीएमसी कर्मचारियों के साथ सहयोग करें.

Share Now