एजेंसी न्यूज

Himachal Accident: हिमाचल में बड़ा हादसा, खाई में ट्रक गिरने से पांच लोगों की मौत, 5 घायल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में धर्मशाला के पास रविवार को एक ट्रक के 100 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य लोग घायल हो गए.

Himachal Accident: हिमाचल में बड़ा हादसा, खाई में ट्रक गिरने से पांच लोगों की मौत, 5 घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo: File Photo)

धर्मशाला (हिप्र), 14 मई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में धर्मशाला के पास रविवार को एक ट्रक के 100 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य लोग घायल हो गये. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा रसेहर गांव में दोपहर के समय हुआ. मारे गए लोगों में एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं. कांगड़ा जिला जनसंपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. जिला प्रशासन, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस के कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है.

विज्ञप्ति के मुताबिक, उथड़ाग्रान पंचायत के पास गेहूं से लदा हुआ ट्रक संपर्क मार्ग के किनारे खाई में गिर गया. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनील कांत, उनकी पत्नी सीता देवी और बेटी तृषा देवी के अलावा आरती तथा मिलाप चंद के रूप में की गई है जबकि घायलों की पहचान सुनील कांत के बेटे अभिनव तथा अभिषेक, पूजा, प्रगति और अनिल कांत के रूप में की गयी है.

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है.

सुक्खू ने कहा, ‘‘सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हुई है और जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के निर्देश जारी किए गए हैं. ’’

मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और अस्पताल के अधिकारियों को उन्हें सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया. धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार दुर्घटना के पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी.

विज्ञप्ति के अनुसार, विधायक के निर्देश पर धर्मशाला तहसीलदार को राहत और बचाव कार्य के लिए भेजा गया और घायलों का इलाज चल रहा है. तहसीलदार ने पीड़ित परिवारों को 25,000 रुपये की तत्काल राहत प्रदान की.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2023 11:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).