Farmers Protest: 'दिल्ली चलो' मार्च दो दिन के लिए स्थगित, नई रणनीति पर विचार कर रहे किसान

पंजाब-हरियाणा सीमा पर दो प्रदर्शन स्थलों में से एक खनौरी सीमा पर झड़प में एक प्रदर्शनकारी की मौत तथा लगभग 12 पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद किसान नेताओं ने बुधवार को ‘दिल्ली चलो’ मार्च दो दिन के लिए स्थगित कर दिया.

Farmers Protest | PTI

चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा सीमा पर दो प्रदर्शन स्थलों में से एक खनौरी सीमा पर झड़प में एक प्रदर्शनकारी की मौत तथा लगभग 12 पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद किसान नेताओं ने बुधवार को ‘दिल्ली चलो’ मार्च दो दिन के लिए स्थगित कर दिया. किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने शंभू सीमा पर संवाददाताओं से कहा कि वे शुक्रवार शाम को आगे की रणनीति तय करेंगे. फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और कृषि ऋण माफी सहित अपनी मांगों को लेकर हजारों किसान दो सीमा बिंदुओं पर डेरा डाले रहेंगे. Farmers Protest: आंदोलन में किसान की मौत के दावे पर CM भगवंत मान की चेतावनी- दोषी अफसरों के खिलाफ होगी FIR.

किसान नेता बलदेव सिंह सिरसा ने कहा कि मृतक की पहचान पंजाब के बठिंडा जिले के बालोके गांव के निवासी शुभकरण सिंह (21) के रूप में की गई है. पटियाला स्थित राजिंदर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एचएस रेखी ने संवाददाताओं से कहा कि तीन लोगों को खनौरी सीमा बिंदु से अस्पताल लाया गया था जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि मृतक के सिर पर चोट लगी थी जबकि अन्य दो लोगों की हालत स्थिर है.

किसान बनेगे नई रणनीति

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान खनौरी सीमा पर घटनाक्रम की समीक्षा करेंगे, जहां हरियाणा के सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प के बाद एक किसान की मौत हो गई. उन्होंने कहा, ''हम खनौरी घटना की समीक्षा करने के बाद अगली रणनीति तय करेंगे. दिल्ली मार्च दो दिन तक स्थगित रहेगा.'' उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरे मुद्दे पर चर्चा करेंगे और अगले फैसले की घोषणा शुक्रवार शाम को की जाएगी.’’

बातचीत के लिए केंद्र के निमंत्रण के मुद्दे पर पंधेर ने कहा कि किसानों ने एमएसपी मुद्दे के समाधान के लिए बैठक आयोजित करने की मांग रखी थी. पंधेर ने शंभू और खनौरी सीमा पर किसानों के खिलाफ 'बल' प्रयोग करने के लिए केंद्र और हरियाणा के सुरक्षाकर्मियों की आलोचना की.

पंधेर ने कहा कि किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल स्थिति का जायजा लेने के लिए खनौरी गए हैं. उन्होंने सरकार पर किसानों के आंदोलन को पटरी से उतारने की कोशिश करने का आरोप लगाया.

हरियाणा के सात जिलों में इंटरनेट बंद 

हरियाणा सरकार ने किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च के मद्देनजर बुधवार को सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट और एक साथ कई संदेश (एसएमएस) भेजने की सेवाओं पर प्रतिबंध 23 फरवरी तक बढ़ा दिया. सरकार ने एक आदेश में कहा कि अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जिंद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध रहेगा.

हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि लगभग 12 पुलिसकर्मी उस वक्त घायल हो गए, जब उन पर लाठियों से हमला किया गया और पत्थर फेंके गए.

Share Now

संबंधित खबरें

DC vs MI, IPL 2026 8th Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से धोया, समीर रिज़वी ने खेली आतिशी पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

DC vs MI, IPL 2026 8th Match Scorecard: अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने रखा 163 रनों का टारगेट, सूर्यकुमार यादव ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Kerala Election 2026: चुनाव प्रचार को लेकर केरल पहुंचे PM मोदी, कांग्रेस पर जमकर बरसे, पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को लेकर कही ये बात; VIDEO

DC vs MI, IPL 2026 8th Match Live Score Update: अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट