MP Heavy Rain Alert: मध्य प्रदेश के 16 जिलों में हो सकती है भारी बारिश, IMD ने जारी रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य प्रदेश में शुक्रवार को राज्य के आठ जिलों में अत्यधिक बारिश के लिए ‘रेड’ अलर्ट और आठ जिलों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है.
भोपाल, चार अगस्त भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्य प्रदेश में शुक्रवार को राज्य के आठ जिलों में अत्यधिक बारिश के लिए ‘रेड’ अलर्ट और आठ जिलों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है. वहीं, मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों खासकर पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हुई, जिसके कारण राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दमोह जिले का शुक्रवार का दौरा रद्द हो गया.
अधिकारियों को भारी बारिश के चलते लबालब भरे बांधों से पानी निकालने के लिए बरगी सहित कुछ बांधों के गेट भी खोलने पड़े. आईएमडी ने मध्य प्रदेश के आठ जिलों पन्ना, दमोह, निवाड़ी, दतिया, भिंड, मुरैना, विदिशा और रायसेन में अगले 24 घंटों में (शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) कहीं-कहीं पर अतिभारी बारिश (115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक) के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी ने इस दौरान राज्य के आठ जिलों सीहोर, नर्मदापुरम, अशोक नगर, शिवपुरी, नरसिंहपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में कहीं-कहीं पर अतिभारी वर्षा (64.5 मिलीमीटर से 150 मिलीमीटर तक) के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट भी जारी किया है. इसके अतिरिक्त आईएमडी ने इस दौरान राज्य के भोपाल एवं इंदौर जिलों सहित 22 जिलों में कहीं-कहीं पर मध्यम से भारी वर्षा (50 मिलीमीटर से 90 मिलीमीटर तक) के लिए ‘यलो’ अलर्ट भी जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में (बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) मध्य प्रदेश के जबेरा में 28 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि अजयगढ़ एवं भांडेर में 22-22 सेंटीमीटर, नरसिंहपुर में 18 सेंटीमीटर, ओरछा, सेंवढ़ा एवं पिपरिया में 17-17 सेंटमीटर और तमिया, गाडरवारा एवं उदयपुर में 16-16 सेंटीमीटर पानी बरसा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 04, 2023 10:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

