लापता तोते 'गोपी' की तलाश में जुटे रिटायर्ड फौजी, किया ₹21 हजार के इनाम का ऐलान, मिलने तक खाना छोड़ने का लिया संकल्प

गोपी की तलाश में स्थानीय लोग और युवा भी आगे आए हैं. बांगंगा मेला ग्राउंड और आसपास के इलाकों में पेड़ों, छतों और रिहायशी क्षेत्रों में तोते की तलाश की जा रही है. इसके अलावा स्थानीय मैसेजिंग ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी गोपी की तस्वीर और अपील साझा की जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंच सके.

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर में एक रिटायर्ड भारतीय सेना के जवान अपने पालतू तोते 'गोपी' के लापता होने के बाद उसे खोजने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं. पूर्व सैनिक चंदन मिश्रा ने गोपी का पता बताने वाले को 21 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पालतू तोते के मिलने तक भोजन नहीं करने का भी संकल्प लिया है.

पोस्टर और सोशल मीडिया के जरिए चल रही तलाश

चंदन मिश्रा सोहागपुर थाना क्षेत्र के बांगंगा मेला ग्राउंड के पास रहते हैं. उनका पालतू तोता 'गोपी' घर से उड़ गया, जिसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी. गोपी की तस्वीर और पहचान संबंधी जानकारी वाले पोस्टर और पर्चे सोहागपुर और आसपास के इलाकों में लगाए गए हैं. उन्होंने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति गोपी के सुरक्षित मिलने में मदद करेगा या उसकी सही जानकारी देगा, उसे 21,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा.

तोते के मिलने तक नहीं करेंगे भोजन

अपने पालतू तोते के बिछड़ने से चंदन मिश्रा बेहद भावुक हैं. उन्होंने कहा है कि जब तक गोपी सुरक्षित वापस नहीं मिल जाता, तब तक वह भोजन ग्रहण नहीं करेंगे. उनके इस फैसले को लेकर परिवार और पड़ोसियों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है.

स्थानीय लोग भी तलाश अभियान में हुए शामिल

Share Now