CBSE Board Exam 2025: सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं शनिवार, 15 फरवरी से होंगी शुरू, 44 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल; जानें अहम गाइडलाइन्स और जरूरी निर्देश
CBSE की कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं शनिवार, 15 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जिसमें भारत और विदेशों के 8,000 स्कूलों से 44 लाख से ज्यादा छात्र शामिल होंगे.
- Read in
- English
CBSE Board Exam 2025: सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं शनिवार, 15 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जिसमें भारत और विदेशों के 8,000 स्कूलों से 44 लाख से ज्यादा छात्र शामिल होंगे. पहले दिन कक्षा 10 के छात्र अंग्रेज़ी (Communicative) और अंग्रेज़ी (Language and Literature) का पेपर देंगे, जबकि कक्षा 12 के छात्र उद्यमिता (Entrepreneurship) का परीक्षा देंगे.
CBSE ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े नियम लागू किए हैं. नियमित छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा, जबकि प्राइवेट छात्रों को हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
परीक्षा कार्यक्रम
सभी छात्रों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचने और प्रश्न पत्र के निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की हिदायत दी गई है. कक्षा 10 की परीक्षाएं 18 मार्च तक चलेंगी और कक्षा 12 की परीक्षाएं 4 अप्रैल को समाप्त होंगी. ये परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक देशभर के 7,842 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 26 केंद्रों पर आयोजित होंगी. इस बार CBSE ने मुख्य विषयों के बीच पर्याप्त गैप रखा है, जिससे छात्रों को तैयारी के लिए समय मिल सके.
परीक्षा हॉल में प्रतिबंधित वस्तुएं:
- मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्टवॉच, कैमरा, किताबें, नोट्स, पर्स, चश्मा और पाउच आदि.
- खाने-पीने की चीजें लाना मना है, हालांकि मधुमेह (Diabetes) से पीड़ित छात्रों को विशेष अनुमति के साथ खाने की अनुमति होगी.
जरूरी दस्तावेज:
- CBSE ने परीक्षा संगम पोर्टल (Pariksha Sangam Portal) के माध्यम से एडमिट कार्ड जारी किए हैं.
- नियमित छात्रों को एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी लानी होगी.
- निजी छात्रों को सरकारी पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) साथ लाना अनिवार्य होगा.
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी पहले से जांच लें और दिए गए निर्देशों का पालन करें ताकि किसी तरह की समस्या न हो. CBSE परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें!
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2025 09:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

