देश

तीन तलाक विधेयक पर गुरुवार को लोकसभा में हो सकती है चर्चा, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की पेशबंदी

तीन तलाक विरोधी विधेयक पर चर्चा से पहले गुरुवार की सुबह कांग्रेस सांसदों की बैठक होगी जिसमें इस संदर्भ में पार्टी के रुख पर निर्णय होने की संभावना है

तीन तलाक विधेयक पर गुरुवार को लोकसभा में हो सकती है चर्चा, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की पेशबंदी
संसद भवन (Photo Credits : Wikimedia Commons)

लोकसभा (Loksabha) में गुरुवार को मुस्लिम समाज से जुड़ी एक बार में तीन तलाक (Triple Talaq) की प्रथा पर रोक लगाने के मकसद से लाए गए विधेयक पर चर्चा हो सकती है. पिछले सप्ताह सदन में इस पर सहमति बनी थी कि 27 दिसंबर को विधेयक पर चर्चा होगी. इससे पहले कांग्रेस (Congress) ने इस पर सहमति जताई थी कि वह ‘मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण विधेयक-2018’ पर होने वाली चर्चा में भाग लेगी. दरअसल, लोकसभा में पिछले हफ्ते जब मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण विधेयक- 2018 चर्चा के लिए लाया गया तो सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुझाव दिया कि इस पर अगले हफ्ते चर्चा कराई जाए.

इस पर संसदीय कार्य मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने विपक्ष से आश्वासन मांगा कि उस दिन बिना किसी बाधा के चर्चा होने दी जाएगी. इस पर खड़गे ने कहा कि मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस विधेयक पर 27 दिसंबर को चर्चा कराइए. हम सभी इसमें हिस्सा लेंगे. हमारी पार्टी और अन्य पार्टियां भी चर्चा के लिए तैयार हैं. खड़गे के इस बयान पर कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि खड़गे जी ने सार्वजनिक वादा किया है और हमें 27 दिसंबर को चर्चा कराने में कोई समस्या नहीं है. मैं अनुरोध करता हूं कि चर्चा खुशनुमा और शांतिपूर्ण माहौल में हो. यह भी पढ़ें- दिल्ली HC ने केंद्र से मांगा जवाब, राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड के लिए सिर्फ 3 जाति के लोग ही क्यों भर्ती किए जाते हैं?

तीन तलाक को दंडात्मक अपराध घोषित करने वाला यह विधेयक गत 17 दिसंबर को लोकसभा में पेश किया गया था. यह तीन तलाक से संबंधित अध्यादेश के स्थान पर लाया गया है. इस प्रस्तावित कानून के तहत एक बार में तीन तलाक देना गैरकानूनी और अमान्य होगा तथा इसके लिए तीन साल तक की सजा हो सकती है. कुछ दलों के विरोध के मद्देनजर सरकार ने जमानत के प्रावधान सहित कुछ संशोधनों को मंजूरी प्रदान की थी ताकि राजनीतिक दलों में विधेयक को लेकर स्वीकार्यकता बढ़ सके.

विधेयक पर चर्चा से पहले कांग्रेस करेगी बैठक

तीन तलाक विरोधी विधेयक पर चर्चा से पहले गुरुवार की सुबह कांग्रेस सांसदों की बैठक होगी जिसमें इस संदर्भ में पार्टी के रुख पर निर्णय होने की संभावना है. इस विषय पर कांग्रेस का रुख पूछे जाने पर पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अभी यह तय है कि हम इस विधेयक पर चर्चा में भाग लेंगे. पार्टी का रुख गुरुवार को सुबह होने वाली बैठक में तय होगा.

विधेयक के खिलाफ मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की पेशबंदी

तीन तलाक विरोधी विधेयक पर संसद में गुरुवार को चर्चा से पहले ऑल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने अपनी पेशबंदी शुरू कर दी है. उसके नुमाइंदों ने विभिन्न राजनीतिक दलों से मुलाकात कर के संसद में इस विधेयक का समर्थन ना करने की अपील की है. बोर्ड के महासचिव मौलाना वली रहमानी ने बुधवार को बताया कि तीन तलाक विरोधी विधेयक को मुस्लिम समुदाय से विचार-विमर्श किये बगैर तैयार किया गया है, लिहाजा इसमें कई गम्भीर खामियां हैं. इसे मौजूदा स्वरूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता.

एजेंसी इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 26, 2018 11:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).