Delhi Weather Update: धर्मशाला, नैनीताल से भी ज्यादा सर्द रही दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को ‘बहुत ठंडा दिन’ दर्ज किया गया और दिल्ली का न्यूनतम तापमान देहरादून, धर्मशाला और नैनीताल से भी नीचे पहुंच गया.

Cold Wave | Representative Image (Photo: PTI)

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को ‘बहुत ठंडा दिन’ दर्ज किया गया और दिल्ली का न्यूनतम तापमान देहरादून, धर्मशाला और नैनीताल से भी नीचे पहुंच गया.

विभाग के अनुसार, ‘ठंडा दिन’ तब माना जाता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जाए. अधिकतम तापमान के सामान्य से 6.5 डिग्री या उससे अधिक कम होने पर उसे ‘बेहद ठंडा दिन’ माना जाता है. यह भी पढ़ें: हरियाणा सरकार का फैसला, ठंड के चलते स्कूलों में 1 जनवरी से 15 जवनरी 2023 तक शीतकालीन अवकाश घोषित, ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे बच्चे

दिल्ली में सोमवार को ‘बेहद ठंडा दिन’ था, क्योंकि अधिकतम तापमान कुछ स्थानों पर सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज किया गया था.

दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

इसकी तुलना में देहरादून में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 6.2 डिग्री सेल्सियस और नैनीताल में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम वैज्ञानिकों ने दिन के तापमान में इस गिरावट के लिए मैदानी इलाकों से गुजरने वाली उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और कोहरे के मौसम के कारण कम धूप निकलने को जिम्मेदार ठहराया है.

‘स्काईमेट वेदर’ के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई, जिसके बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं अब मैदानी इलाकों में बह रही हैं.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों समेत पश्चिमोत्तर भारत के व्यापक हिस्सों में मंगलवार को घने से बेहद घना कोहरा छाया रहा।

राष्ट्रीय राजधानी में दृश्यता गिरकर केवल 50 मीटर तक रह गई और सड़क यातायात और ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई.

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा, जहां मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड रही।

हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां मौसम केंद्र के मुताबिक पारा सामान्य से चार डिग्री कम एक डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के बठिंडा में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा तो अमृतसर में पांच डिग्री व लुधियाना में 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

वहीं राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है जहां बीते सोमवार की रात चुरू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

कश्मीर शीतलहर की चपेट में है तथा समूची घाटी में तापमान कई डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है जिससे पारा शून्य से और नीचे चला गया है. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात का न्यूनतम तापमान रविवार रात्रि की तुलना में एक से दो डिग्री तक गिरा है.

अधिकारियों ने बताया कि कड़ाके की सर्दी की वजह से कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाली पाइप लाइनों में पानी जम गया है. डल झील का अंदरूनी हिस्सा और घाटी के अन्य जलाशय भी जम गए.

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है जबकि यहां पारा रविवार रात्रि को शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच रहने पर ‘बेहद घना कोहरा’, 51 मीटर से 200 मीटर के बीच ‘घना कोहरा’, 201 मीटर से 500 मीटर के बीच ‘मध्यम कोहरा’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच रहने पर ‘हल्का कोहरा’ माना जाता है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Virat Kohli IPL Stats Against CSK: आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं विराट कोहली का प्रदर्शन, ‘रन मशीन’ के आकंड़ों पर एक नजर

GT vs RR, IPL 2026 9th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटं के सामने रखा 211 रनों का टारगेट, ध्रुव जुरेल ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

SRH vs LSG, IPL 2026 10th Match Stats And Preview: राजीव गांधी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी लखनऊ सुपर जायंट्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RWP vs ISU, PSL 2026 12th Match Live Score Update: रावलपिंडिज बनाम इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट