दिल्लीवासियों पर आज का दिन पड़ेगा भारी: पेट्रोल पंप रहेंगे बंद, टैक्सी-ऑटो की भी हड़ताल
राजधानी दिल्ली में सोमवार को पेट्रोल पंप डीलर्स ने ईंधन पर वैट नहीं घटाए जाने के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया है. इस बीच दिल्लीवासियों के लिए एक और बुरी खबर है. सरकार की प्राइवेट कैब वाली पॉलिसी के खिलाफ टैक्सी-ऑटो वाले भी सड़कों से नदारद रहेंगे.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार को पेट्रोल पंप डीलर्स ने ईंधन पर वैट नहीं घटाए जाने के विरोध में हड़ताल का आह्वान किया है. इस बीच दिल्लीवासियों के लिए एक और बुरी खबर है. सरकार की प्राइवेट कैब वाली पॉलिसी के खिलाफ टैक्सी-ऑटो वाले भी सड़कों से नदारद रहेंगे.
पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक दिल्ली में आज करीब 400 पेट्रोल पंप और सीएनजी पंप बंद हैं. ये सभी पेट्रोल पंप 22 अक्टूबर को प्रात: छह बजे से लेकर अगले दिन 23 अक्टूबर 2018 को प्रात: पांच बजे तक बंद रहेंगे.
एसोसिएशन ने अपने एक वक्तव्य में कहा था कि केन्द्र सरकार ने चार अक्टूबर को पेट्रोल, डीजल पर उत्पाद शुल्क कटौती और तेल कंपनियों को एक रुपये की कटौती वहन करने का निर्देश देकर दोनों ईंधनों पर ढाई रुपये प्रति लीटर दाम घटा दिये. इसके साथ ही कई राज्य सरकारों ने भी इतनी ही कटौती वैट में की है जिससे इन राज्यों में ईंधन के दाम में पांच रुपये तक की कटौती हुई है. लेकिन दिल्ली सरकार ने अभी तक वैट नहीं घटाया है.
यह भी पढ़े- लगातार 5वें दिन गिरे ईधन के दाम, लेकिन ओडिशा में इस वजह से हुआ पेट्रोल से मंहगा डीजल
दिल्ली की सीमाओं से सटे राज्य उत्तर प्रदेश और हरियाणा ने पेट्रोल, डीजल पर वैट में कटौती की है, लेकिन दिल्ली में वैट कम नहीं किये जाने से राजधानी में दोनों ईंधन के दाम पड़ोसी राज्यों से ऊपर हो गये हैं. दिल्ली के मुकाबले उत्तर प्रदेश, हरियाणा में पेट्रोल का दाम क्रमश: 2.59 रुपये और 1.95 रुपये प्रति लीटर और डीजल का दाम 2.02 रुपये और 1.72 रुपये लीटर सस्ता है.
पड़ोसी राज्यों में पेट्रोल, डीजल सस्ता होने की वजह से दिल्ली के पेट्रोल पंपों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. यही वजह है कि पेट्रोल पंप एसोसियेसन ने एक दिन की हड़ताल का फैसला किया है.
वहीं टैक्सी एसोसिएशन ने यह हड़ताल सरकार की प्राइवेट कैब को लेकर पॉलिसी के खिलाफ बुलाई है. यानी दिल्लीवासियों पर आज दोहरी मार पड़नेवाली है. जहां एक ओर पेट्रोल-डीजल और सीएनजी न मिलने से गाड़ियों पर ब्रेक लग जाएगा तो दूसरी ओर टैक्सी और ऑटो के बंद होने से कही आना-जाना दूभर हो जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 22, 2018 08:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

