Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,500, कैबिनेट ने दी मंजूरी; जानें कौन उठा सकेगा फायदा
दिल्ली लक्ष्मी योजना उन राज्यों की सूची में शामिल हो गई है, जहां महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए नकद हस्तांतरण योजनाएं पहले से लागू हैं. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों में भी महिलाओं के लिए ऐसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं.
Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' (Delhi Lakshmi Yojana) के दिशा-निर्देशों को मंजूरी दे दी गई है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी. सरकार का लक्ष्य रक्षाबंधन के आसपास इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत करना है.
हर महीने मिलेंगे ₹2,500
दिल्ली सरकार की इस प्रमुख कल्याणकारी योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. पहले इस योजना की घोषणा 'महिला समृद्धि योजना' के नाम से की गई थी, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' कर दिया गया.
योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए हर महीने ₹2,500 की राशि भेजी जाएगी.
कौन-कौन होगा योजना के लिए पात्र?
सरकार द्वारा तय किए गए मानदंडों के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए महिला को निम्नलिखित शर्तें पूरी करनी होंगी:
महिला की आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हो.
परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए.
एक परिवार से केवल सबसे बड़ी पात्र महिला को ही योजना का लाभ मिलेगा.
किन लोगों को नहीं मिलेगा लाभ?
दिल्ली सरकार ने कुछ श्रेणियों को इस योजना से बाहर रखा है. इनमें शामिल हैं:
जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है.
जिनके परिवार का कोई सदस्य पहले से केंद्र या राज्य सरकार की किसी पेंशन योजना का लाभ ले रहा है.
आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले व्यक्ति या उनके परिवार.
आसान और पारदर्शी होगी आवेदन प्रक्रिया
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना की पंजीकरण प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और परेशानी मुक्त बनाई जाए, ताकि पात्र महिलाओं को बिना किसी कठिनाई के लाभ मिल सके.
सरकार जल्द ही आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना जारी करेगी.
अन्य राज्यों की तर्ज पर शुरू हुई योजना
दिल्ली लक्ष्मी योजना उन राज्यों की सूची में शामिल हो गई है, जहां महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए नकद हस्तांतरण योजनाएं पहले से लागू हैं. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्यों में भी महिलाओं के लिए ऐसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं.