Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढही, रेस्क्यू के वीडियो आए सामने; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
घटनास्थल पर NDRF की टीम भी तैनात है. वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा के मद्देनजर पास की इमारत को भी खाली करा दिया गया है. रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा हटाकर जीवित लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं.
Delhi Building Collapse News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. इस बीच घटनास्थल से सामने आए वीडियो में बचावकर्मी मलबे से लोगों को सुरक्षित निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि कई अन्य लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है. Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में गिरी बिल्डिंग, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका, बचाव कार्य जारी; VIDEO
मलबे से लोगों को निकालते दिखे रेस्क्यू कर्मी
सामने आए वीडियो में दिल्ली फायर सर्विस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों के जवान मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं. रेस्क्यू टीमें विशेष उपकरणों की मदद से मलबे के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, ढही हुई इमारत एक निजी पीजी (PG) थी, जहां कई छात्र रह रहे थे.
दोपहर 1:30 बजे मिली थी सूचना
दिल्ली फायर सर्विस को रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली. इसके बाद तुरंत पांच दमकल गाड़ियों के साथ पुलिस और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय इमारत में कुल कितने लोग मौजूद थे और कितने लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं. दिल्ली पुलिस ने कहा कि घायलों और फंसे लोगों की सही संख्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है. जांच और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
दिल्ली में इमारत गिरी:
NDRF और कई एजेंसियां चला रही हैं अभियान
घटनास्थल पर NDRF की टीम भी तैनात है. वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा के मद्देनजर पास की इमारत को भी खाली करा दिया गया है. रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा हटाकर जीवित लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताई चिंता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताया और कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने कहा कि DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं. साथ ही एहतियात के तौर पर पास की इमारत को खाली करा दिया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं.
बीजेपी विधायक ने कहा- अंदर अभी भी फंसे हैं छात्र
बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि इस पीजी में कई छात्र रहते थे और अभी भी कुछ छात्रों के अंदर फंसे होने की आशंका है. उन्होंने बताया कि NDRF और MCD की टीम अब तक कुछ छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल चुकी है. कुछ छात्र मलबे के अंदर से फोन भी कर रहे हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि अभी और लोग अंदर फंसे हो सकते हैं. ऐसे में बचाव अभियान लगातार जारी है.