देश

Delhi Assembly Elections 2025: बीजेपी की जीत पर खुश हुईं कंगना रनौत, 'दिल्ली' को दी 'बधाई'

अभिनेत्री और लोकसभा क्षेत्र मंडी की सांसद कंगना रनौत ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बंपर जीत पर खुशी जताई है. अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर शेयर कर बधाई दी है.

Delhi Assembly Elections 2025: बीजेपी की जीत पर खुश हुईं कंगना रनौत, 'दिल्ली' को दी 'बधाई'
Credit-(Twitter-X,@AHindinews)

मुंबई, 9 फरवरी : अभिनेत्री और लोकसभा क्षेत्र मंडी की सांसद कंगना रनौत ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बंपर जीत पर खुशी जताई है. अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर शेयर कर बधाई दी है.

इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर को शेयर करते हुए कंगना ने कैप्शन में लिखा, " बधाई दिल्ली." दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कंगना रनौत से पहले अनुपम खेर, विवेक रंजन अग्निहोत्री ने भी प्रतिक्रिया दी थी. खेर और अग्निहोत्री ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए उन पर कटाक्ष भी किया. यह भी पढ़ें : Aditya Thackeray on BJP: जीत के बाद भाजपा को जनता का नहीं, चुनाव आयोग का करना चाहिए धन्यवाद; आदित्य ठाकरे

एक्स हैंडल पर केजरीवाल की एक तस्वीर शेयर करते हुए अनुपम खेर ने केजरीवाल की हार का कनेक्शन कश्मीर पंडितों से जोड़ा और उनकी हार की वजह आह से उपजे श्राप को बताया. केजरीवाल की हार पर अभिनेता अनुपम खेर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब किसी की पीड़ा का मजाक उड़ाया जाता है, तो उसकी आह एक श्राप का रूप धर लेती है.

अभिनेता अनुपम खेर ने अरविंद केजरीवाल की एक पुरानी तस्वीर को एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, “वैसे तो किसी को भी पीड़ा पहुंचाना ठीक नहीं, लेकिन जिनके साथ गहरा अन्याय हुआ हो! उन पर हंसना, उनकी पीड़ा का मजाक उड़ाना, उनकी आत्मा को दुःख पहुंचाना, ये इंसानियत की सभी हदों को पार करना होता है और फिर उस दुखी आत्मा से ना चाहते हुए भी एक ‘आह’ निकलती है और वही आह आगे जाकर एक ‘श्राप’ का रूप धारण कर लेती है.”

शेयर की गई तस्वीर की ओर इशारा करते हुए अभिनेता ने आगे लिखा, “इस तस्वीर के लोगों के साथ शायद ऐसा ही हुआ है! यह विधि का विधान है! जिस दिन दिल्ली की विधानसभा में इन लोगों ने ठहाके लगाए थे, उस दिन लाखों कश्मीरी पंडितों ने खून के और बेबसी के आंसू बहाए थे.”

अनुपम खेर से पहले फिल्म निर्माता-निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने भी एक पोस्ट शेयर किया था, जिस पर वह केजरीवाल की हार पर करारा व्यंग्य करते नजर आए थे. दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की हार पर विवेक रंजन ने व्यंग्य भरा पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने “हर हिसाब यहीं पर” होने की बात कही.

विवेक रंजन ने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा था, “हर सवाल का जवाब यहीं होगा. हर हिसाब-किताब यहीं होगा.” विवेक रंजन ने दिल्ली विधानसभा की एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की, जिसमें अरविंद केजरीवाल खड़े दिखाई दिए. नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हार का सामना करना पड़ा है. वह नई दिल्ली सीट से 4089 वोटों से हार चुके हैं. यहां से भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश सिंह वर्मा ने जीत हासिल की.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 09, 2025 09:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).