COVID-19: देश में फिर पैर फैलाने लगा कोरोना, जानिए किन राज्यों में बढ़ रहे हैं केस
पिछले कुछ हफ्तों में एशियाई देशों में COVID-19 मामलों में फिर से वृद्धि देखी जा रही है, और इसका असर अब भारत में भी नजर आने लगा है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में 257 एक्टिव कोरोना केस हैं.
मुंबई: पिछले कुछ हफ्तों में एशियाई देशों में COVID-19 मामलों में फिर से वृद्धि देखी जा रही है, और इसका असर अब भारत में भी नजर आने लगा है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में 257 एक्टिव कोरोना केस हैं, जिनमें सबसे ज्यादा केस केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु से सामने आए हैं. हालांकि स्थिति अभी नियंत्रण में है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञ सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, देश में सबसे ज्यादा सक्रिय कोविड मामले केरल से सामने आए हैं, जहां कुल 95 मरीजों का इलाज चल रहा है. इसके बाद महाराष्ट्र में 56 और तमिलनाडु में 66 सक्रिय केस दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा पुडुचेरी, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, सिक्किम, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी कुछ कोविड मामलों की पुष्टि हुई है.
12 मई के बाद से देशभर में कुल 164 नए कोविड केस दर्ज किए गए, जिनमें से केरल में 69 नए केस, महाराष्ट्र में 44 और तमिलनाडु में 33 मामले सामने आए. इस दौरान 112 मरीज ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं या ठीक हो चुके हैं.
कोविड की समीक्षा बैठक: क्या है सरकार की तैयारी?
19 मई 2025 को डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. इस बैठक में NCDC, ICMR, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और केंद्रीय अस्पतालों के विशेषज्ञों ने भाग लिया. बैठक में यह निष्कर्ष निकला कि भारत में वर्तमान कोविड स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. "देश की विशाल जनसंख्या को देखते हुए 257 सक्रिय मामले बहुत कम हैं. इनमें से लगभग सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़."
महाराष्ट्र में जनवरी में दो मौतें, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं
महाराष्ट्र सरकार की ओर से बताया गया कि जनवरी 2025 में कोविड से संबंधित जटिलताओं के कारण दो मरीजों की मृत्यु हुई थी. हालांकि, दोनों ही मरीज पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे. जनवरी से अब तक राज्य में कुल 6,066 सैंपल की जांच की गई, जिनमें से 106 पॉजिटिव पाए गए. इनमें: 101 केस मुंबई से बाकी पुणे, ठाणे और कोल्हापुर से थे.
दुनिया भर में भी कोविड मामलों में वृद्धि
भारत ही नहीं, दुनिया के कई एशियाई देशों जैसे कि दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, चीन और थाईलैंड में भी कोविड मामलों में तेजी देखी जा रही है. सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्री ओंग यी कुंग ने हाल ही में कहा कि कोविड की आवधिक लहरें सालभर चलती रहेंगी, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है.
सतर्क रहें, लेकिन घबराएं नहीं
भारत में भी BMC (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) ने नागरिकों से अपील की है कि घबराएं नहीं, सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि:
- अपनी टीकाकरण स्थिति अपडेट रखें.
- सर्दी, खांसी, बुखार जैसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
- सार्वजनिक स्थानों पर सावधानी बरतें, मास्क का उपयोग करें अगर भीड़भाड़ हो.
- अफवाहों से बचें और सरकारी स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें.
भले ही कोविड केसों में फिर से मामूली बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है. सरकार और स्वास्थ्य एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. हमें बस इतना करना है कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी बरतें.
(The above story first appeared on LatestLY on May 21, 2025 06:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

