कोरोना से जंग: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का आदेश- 30 जून तक सामूहिक कार्यक्रमों पर रोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा, राज्य में आगामी 30 जून तक हर सामूहिक कार्यक्रम पर रोक रहेगी. उसके बाद परिस्थितियों पर विचार करते हुए कोई निर्णय लिया जाएगा.
कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते कहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने शनिवार को कहा, राज्य में आगामी 30 जून तक हर सामूहिक कार्यक्रम पर रोक रहेगी. उसके बाद परिस्थितियों पर विचार करते हुए कोई निर्णय लिया जाएगा. सीएम योगी ने कहा इस वर्ष सभी धर्म गुरुओं ने मुस्लिम भाइयों से घर पर ही रहकर नमाज वगैरह अदा करने की अपील की है. यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी कोई कार्यक्रम/आयोजन न हो. सामूहिक कार्यक्रम न हो, क्योंकि इससे कोरोना संक्रमण फैलने की पूरी संभवना है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश की सीमाएं सील रहेंगी. उन्होंने रमजान में कहीं भी भीड़ एकत्रित न होने और अन्य किसी भी प्रकार की नई गतिविधि न करने के भी निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू किये गये लॉकडाउन के निर्णय की विश्व में सराहना हो रही है. सीएम ने कहा, हॉटस्पॉट का यह 'यूपी माडल' काफी लोकप्रिय हुआ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना प्रभावित क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित करते हुए संक्रमण से बचाव के लिए अपनाई जा रही रणनीति अत्यन्त प्रभावी सिद्ध हो रही है. हॉटस्पॉट क्षेत्रों में केवल मेडिकल, सेनिटेशन तथा होम डिलीवरी टीमें ही जाएं. यह भी पढ़ें- Coronavirus in India: देश में 24 हजार के पार पहुंची कोरोना मरीजों की संख्या, अब तक 775 की मौत.
सीएम योगी ने कहा कि अगले दो महीने में पांच से दस लाख श्रमिकों के प्रदेश में पहुंचने की संभावना के मद्देनजर क्वॉरेंटाइन के लिए जिलों में शेल्टर होम बनाए जाएं. उन्होंने सभी डीएम को अपने जिलों में मौजूद दूसरे राज्यों के श्रमिकों की सूची अपर मुख्य सचिव गृह को देने को कहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों की स्क्रीनिंग व टेस्टिंग कराते हुए संबंधित राज्य सरकारें इन श्रमिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू करेंगी. वे राज्य की सीमा तक इन श्रमिकों को पहुंचाएंगी.इसके बाद उन्हें इनके जिले में भेजा जाएगा.
ये लोग जिस जिले में जाएंगे, वहां 14 दिन क्वॉरेंटाइन करने के लिए पूरी व्यवस्थाएं की जाए. सीएम ने कहा कि इसके लिए शेल्टर होम को खाली कर सैनिटाइज किया जाए. शेल्टर होम पर कम्युनिटी किचन के सुचारू संचालन के लिए सभी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि इन लोगों के लिए ताजे व भरपेट भोजन की व्यवस्था हो सके. सीएम ने कहा, सीमावर्ती जिलों से किसी भी तरह की घुसपैठ नहीं होनी चाहिए. लॉकडाउन में अच्छा कार्य किया गया है लेकिन अभी काफी सावधानी बरतने की जरूरत है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2020 02:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

